गंगोह। गांव घाटमपुर में आठ सितंबर को हुए प्रधान पद के उपचुनाव का परिणाम मंगलवार को जारी कर दिया गया। चुनाव में नरगिस 350 वोटों से विजयी घोषित की गईं। मामला हाईकोर्ट में विचाराधीन होने के कारण अभी उन्हें निर्वाचन प्रमाणपत्र प्रदान नहीं किया गया है। कोर्ट के आगामी आदेश के बाद ही प्रमाणपत्र प्रदान किया जाएगा।
चुनाव के परिणामों की घोषणा करते हुए चुनाव अधिकारी गमपाल सिंह ने बताया कि उपचुनाव में कुल 2735 वोट पड़े थे। इनमें से नरगिस को 1453, इमराना को 1104, रुबी चौधरी को 67, नाजिया को 12, बबली को पांच और अकबरी एवं सईदा को 4-4 वोट प्राप्त हुए, जबकि 86 वोटों को निरस्त किया गया।
बता दें कि एसडीएम अजय कुमार अंबष्ट की कोर्ट ने जून माह में सुनवाई करते हुए गांव घाटमपुर के तत्कालीन प्रधान को बर्खास्त कर दिया था। इसका कारण उन्होंने 2021 में हुए प्रधानी चुनाव के नामांकन पत्र के दौरान चुनी गई महिला प्रधान की उम्र को 21 वर्ष से कम होना बताया था। इसके बाद आठ सितंबर को उपचुनाव की मतगणना हुई थी, लेकिन उस वक्त परिणाम घोषित नहीं किया गया था। अब चुनाव आयोग के आदेश पर परिणाम घोषित किया गया है लेकिन विजयी प्रत्याशी को प्रमाण पत्र प्रदान नहीं किया। आर ओ गमपाल सिंह ने बताया कि मामला कोर्ट में विचाराधीन है। कोर्ट के आदेश के बाद ही प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा।