छुटमलपुर। कस्बे में निर्धारित सुविधाएं दिए बिना गांवों की तर्ज पर काटी जा रहीं आवासीय कालोनियों का धंधा खूब फल फूल रहा है। नगर पंचायत से ले आउट स्वीकृत कराए बिना प्लाटिंग की जा रही है। नगर पंचायत की तरफ से ऐसे दर्जन भर काॅलोनाइजर्स को नोटिस देकर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
छुटमलपुर नगर पंचायत और इसकी सीमा के बाहर भी अवैध कॉलोनियों का जाल तेजी से फैल रहा है। न तो जिला पंचायत और न ही नगर पंचायत इस धंधे में लगे लोगों पर नकेल कस पा रही है। नगर पंचायत क्षेत्र में प्लाटिंग कर कॉलोनी बसाने के लिए नगर पंचायत और ग्रामीण क्षेत्र के लिए जिला पंचायत से ले-आउट स्वीकृत कराना अनिवार्य है, लेकिन कॉलोनाइजर्स ऐसा नहीं कर रहे हैं। इसका खामियाजा यहां रहने वाले लोगों भुगतना पड़ रहा है।
एक काॅलोनी निवासी सुखपाल कांबोज का कहना है कि उन्होंने अपने मकान का नक्शा नगर पंचायत से पास कराया है। बैनामे के वक्त भी दो प्रतिशत अतिरिक्त कर नगर पंचायत के नाम का दिया था। बावजूद इसके उनकी काॅलोनी में कोई सुविधा नहीं दी जा रही है। न तो स्ट्रीट लाइटें लगी हैं और न ही सफाईकर्मी आता है।
उधर इस बारे में नगर पंचायत के अधिशासी अधिशासी आलोक रंजन का कहना है कि उन्होंने नगर पंचायत की सीमा में बनाई गई दर्जन भर अवैध काॅलोनियों के कॉलोनाइजर्स को नोटिस जारी कर रखे हैं। यदि वे निर्धारित समय सीमा के अंदर ले आउट स्वीकृत नहीं कराते तो ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी।