सरसावा (सहारनपुर)। बकरीद तथा श्रावण मास में होने वाली संभावित कांवड़ यात्रा को लेकर पुलिस ने ग्राम प्रधानों तथा गण्यमान्य लोगों के साथ बैठक की।
बैठक में मुस्लिम समुदाय के त्योहार ईद-उल-जुहा तथा श्रावण मास में संभावित कांवड़ यात्रा को लेकर बैठक में गहनता के साथ चर्चा की गई। थानाध्यक्ष की मौजूदगी में विद्युत निगम के अवर अभियंता विजयपाल सिंह ने जनमानस को विश्वास दिलाया कि ईद उल जुहा के दिन निर्बाध विद्युत आपूर्ति जारी रहेगी। जिससे नगर पालिका की जलापूर्ति बाधित नहीं होगी तथा सफाई कर्मियों को सफाई व्यवस्था के लिए प्रचुर मात्रा में पानी मिलता रहेगा। थानाध्यक्ष ने बैठक में मौजूद नगर के मुस्लिम समुदाय के व्यक्तियों तथा ग्राम प्रधानों से अपील की कि पूर्व में निर्धारित स्थानों पर हो रही कुर्बानी स्थलों पर ही कुर्बानी की जाए कोई नई परंपरा शुरू न करें और न ही प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी दें। इसके साथ ही कुर्बानी स्थल पर ही रक्त तथा कुर्बानी के अवशेषों को दबाने की व्यवस्था हो जिससे किसी भी अनावश्यक विवाद से बचा जा सके साथ ही शासन द्वारा जारी गाइडलाइन के अनुसार एक समय में 50 से अधिक व्यक्ति नमाज न पढ़ें। पालिकाध्यक्ष बिजेंद्र मोगा, नागरिक सुरक्षा कोर के चीफ वार्डन सरदार अवतार सिंह, नरेश चंद जैन, हाजी मसूद, कारी मुकीम, अरशद चौधरी, मोहम्मद आदिल, दरगाह जमालिया के प्रबंधक सैफ जमाली, वक्फ कमेटी के राव सईद, नवीन सैनी, सतीश सैनी, दीपक गुप्ता, गौरव पुहाल, पंकज रोहिला आदि रहे। संचालन दिनेश गुप्ता ने किया।