सिटी कोतवाली क्षेत्र की निर्भय पुरम कॉलोनी में बेटे ने मां की पीट-पीटकर हत्या कर दी। सास से लड़ाई होने पर उसकी पत्नी मायके चली गई थी। इसी को लेकर अक्षय गुस्से में था। नशे में वारदात करने की बात सामने आ रही है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव कब्जे में लिया।
वारदात के बाद घर के बाहर मौजूद लोग।
- फोटो : अमर उजाला
घटना निर्भय पुरम कॉलोनी गेट नंबर चार की है। अक्षय 15 दिन पहले बिहार से शादी कर पत्नी को लाया था। शनिवार को परिवार में किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ। झगड़ा इतना बढ़ा कि पत्नी घर छोड़कर चली गई। इससे अक्षय परिवार वालों से नाराज हो गया। गुस्से में मां आशा (55) से लड़ने लगा। देखते ही देखते बेटा और मां के बीच झगड़ा इतना बढ़ा कि बेटे ने मां पर हाथ उठा दिया। मां को बुरी तरह से पीटा। काफी देर तक मां को मारता रहा। सिर को दीवार में मारने से मां की मौत हो गई।
पता लगते ही आसपास के लोगों की भीड़ लग गई। हर कोई जानना चाहता था कि बेटे ने अपनी मां को क्यों मार दिया। ऐसी कौन सी वजह रही कि परिवार में क्लेश हुआ। परिवार ने अन्य सदस्य भी घर पहुंचे। पता लगने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेते हुए जांच पड़ताल की। मौके से अक्षय को हिरासत में लिया। पुलिस नशे में वारदात को अंजाम देने के बिंदु पर भी जांच में लगी है।
ये बोले एसएसपी
वारदात को अंजाम देने वाले युवक को हिरासत में ले लिया है। पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में नशे की बात सामने आ रही है।
- आशीष तिवारी, एसएसपी