गंगोह (सहारनपुर)। गांव खानुपर गुर्जर में दो जनवरी से लापता चार वर्षीय बालक लक्ष्य का शव गांव में ही एक ईख के खेत से बरामद हुआ। उसकी गर्दन में रस्सी बंधी मिली है। उसकी हत्या कर शव यहां फेंका गया है। एसएसपी डॉ. विपिन ताडा भी फाेरेंसिक टीम और कई थानों की फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। उधर, बालक का शव मिलने से परिवार में कोहराम मचा है।
गंगोह कोतवाली क्षेत्र के गांव खानपुर गुर्जर निवासी अनुसूचित जाति के राजकुमार का चार वर्षीय पुत्र लक्ष्य दो जनवरी की शाम अपने घर के बाहर से खेलते हुए अचानक लापता हो गया था। परिजनों ने काफी तलाश करने के बाद कोतवाली में सूचना दी, जिस पर पुलिस ने अज्ञात में अपहरण का मामला दर्ज कर लिया था। पुलिस ने गोताखोरों की मदद से गांव के तालाब में बालक की तलाश करने के लिए अभियान तक चलाया था। बाद में तालाब का पानी भी निकाल कर खाली कराया था, लेकिन बालक का कोई सुराग नही लग सका था। परिजनों को किसी अनहोनी की आशंका सता रही थी।
मंगलवार सुबह 11 बजे गांव निवासी रियासत अपने ईख के खेत में घुसे हुए आवारा पशुओं को भगा रहा था। तभी उसकी नजर बालक के शव पर पड़ी। उसने इसकी सूचना अन्य ग्रामीणों और पुलिस को दी। सीओ अवितेश सिंह और कोतवाली प्रभारी जसबीर सिंह मौके पर पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी डाॅ. विपिन ताडा भी वहां पहुंचे। फाेरेंसिक टीम ने जांच पड़ताल की। एसएसपी ने बताया कि शव कुछ दिन पुराना लग रहा है।
मौत के कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। उसके आधार पर ही अग्रिम कार्रवाई होगी। मृतक लक्ष्य चार भाई बहनों में सबसे छोटा था। उसके दो भाई और एक बहन हैं। सीओ अवितेश सिंह ने बताया कि मृतक बालक के गले में रस्सी लिपटी हुई मिली है। गला घोंटकर हत्या की आशंका है, लेकिन सही स्थिति पोस्टमार्टम के बाद ही सामने आ पाएगी।
-
तंत्र क्रिया में हत्या की आशंका
गंगोह। ग्रामीणों का कहना है कि चार साल के बालक से किसी की क्या दुश्मनी हो सकती है जो उसकी जान ही ले ली। उसके पिता राजकुमार की भी किसी से कोई रंजिश नहीं है। वह मजदूरी करके अपने परिवार का पालन पोषण करते है। ग्रामीण तंत्र क्रिया के चलते बालक की बलि देने की आशंका जता रहे हैं। मृतक बालक लक्ष्य का शव कई दिन पुराना होने के चलते शिनाख्त के लायक नहीं बचा था। परिजनों ने उसके कपड़ों, जूतों और बाहर की ओर निकले हुए दांतों के आधार पर बालक की शिनाख्त की।
परिवार में मचा कोहराम
गंगोह। लापता लक्ष्य का शव मिलने से जहां परिजनों में कोहराम मच गया है। वहीं गांव में भी शोक की लहर है। बालक की माता पुष्पा सहित परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। आस पड़ोस की महिलाएं उन्हें ढांढस बंधा रही थीं। गांव में जिसने भी बालक का शव मिलने के बारे में सुना वही मौके की ओर दौड़ पड़ा। घटनास्थल पर भारी भीड़ जमा थी।
हर बिंदु पर बारीकी से जांच कर रही पुलिस
गंगोह। एसएसपी डाॅ. विपिन ताडा ने बताया कि पुलिस हत्या सहित तमाम बिंदुओं पर गहनता से जांच कर रही है। कई टीम को लगाया गया है। जल्द वारदात का खुलासा किया जाएगा।