सहारनपुर। महानगर के सौ फुटा रोड की हालत बद से बदतर है। नालियां और रोड नहीं होने के कारण मुख्य मार्ग ही जोहड़ का रूप ले चुका है। जिसके बीच से निकालना लोगों के लिए मुश्किल हो रहा है। प्रतिदिन लोग कीचड़ में गिर रहे हैं। नाराज क्षेत्रवासियों ने नगर निगम के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपना विरोध जताया।
आईटीसी रोड से मनोहरपुर की ओर जाने वाले मार्ग यानी सौ फिटा रोड पर न्यू ब्रह्मपुरी कॉलोनी, मनोहरपुर समेत करीब एक दर्जन कॉलोनियां हैं। जलभराव क्षेत्र की सबसे बड़ी समस्या है। जलभराव का कारण नाले की अधूरा होना तथा मुख्य मार्ग का कच्चा होना है। इसकी वजह से कॉलोनियों से निकलने वाला गंदा पानी नाले में आगे ना जाकर मुख्य मार्ग पर जमा होता है, जिसकी वजह से यहां बिना बारिश भी कीचड़ की समस्या रहती है।
मंगलवार को स्थानीय नागरिकों ने पानी के बीच खड़े होकर नगर निगम के खिलाफ नारेबाजी की। रोड पर गड्ढे खाई का रूप ले चुके हैं, जिस पर तीन से चार फीट तक गहरा पानी भरा हुआ है। प्रदर्शनकारी अशोक सैनी, अभिजीत और भोपाल ने बताया कि वह वर्षों से नगर निगम में प्रार्थना पत्र देकर समस्या के निराकरण की मांग कर रहे हैं, लेकिन नगर निगम क्षेत्र की ओर ध्यान नहीं दे रहा है। उनकी मांग है कि जल्द से जल्द नाले की निकासी दिल्ली रोड के साथ बहने वाले नाले में की जाए। चेतावनी दी कि यदि निकासी की व्यवस्था नहीं की जाती है तो वह आंदोलन करने को बाध्य होंगे। प्रदर्शन करने वालों में पवन कुमार, नरेंद्र कुमार, प्रमोद सैनी, अमरनाथ, खेमचंद, कंवरपाल, विनोद सैनी, राकेश, रजत धीमान, मोहित कुमार, मोनू सैनी, नरेंद्र कुमार, मोहित कुमार, निशु सैनी आदि शामिल रहे।
सौ फुटा रोड पर सड़क पर जलभराव की जानकारी नहीं है। ऐसा है तो मौके पर जाकर समस्या को देखा जाएगा और लोगों से बात की जाएगी। यदि किसी प्रकार की कोई अड़चन नहीं है तो टेंडर कराकर सड़क और नाले का निर्माण कराकर समस्या को दूर कराया जाएगा।
बीके सिंह, मुख्य अभियंता, निर्माण, नगर निगम।