रायवाला पर अतिक्रमण ध्वस्त करती नगर निगम की जेसीबी
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। नगर निगम ने सोमवार को रायवाला में स्मार्ट रोड और नाला निर्माण में अवरोध बन रहे अतिक्रमण को जेसीबी से ध्वस्त कर दिया। यहां पर नौ भवनों और दुकानों का अतिक्रमण ध्वस्त कराया गया।
स्मार्ट सिटी चेयरमैन व मंडलायुक्त डॉ. लोकेश एम ने कुछ दिन पहले रायवाला स्मार्ट रोड का निरीक्षण कर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए थे। नगर निगम ने अतिक्रमणकारियों को तीन दिन पहले ही अपना अतिक्रमण हटाने की चेतावनी दी थी। नगरायुक्त के निर्देश पर सोमवार को अतिक्रमण प्रभारी दानिश नकवी व प्रवर्तन दल प्रभारी कर्नल बी एस नेगी के नेतृत्व में नगर निगम का अतिक्रमण हटाओ दस्ता रायवाला चौक पहुंचा। उन्होंने रायवाला स्मार्ट रोड के नाला निर्माण में अवरोध बन रहा पुराना अतिक्रमण ध्वस्त कर दिया। इस दौरान नौ भवनों व दुकानों का अतिक्रमण हटाया गया। नगरायुक्त गजल भारद्वाज ने बताया कि अतिक्रमण हटने के बाद अब रायवाला स्मार्ट रोड और नाले का निर्माण तेजी से कराया जाएगा। कार्रवाई के दौरान प्रवर्तन दल के नरेश कुमार, हेमराज, रणदीप, शिवकुमार, पवन, प्रदीप, नवाबुद्दीन, के अलावा थाना मंडी प्रभारी योगेश शर्मा, सब इंस्पेक्टर संजय शर्मा, एसएच जैदी, कांस्टेबल सौरभ, पार्षद शहजाद आदि मौजूद रहे।