पंत विहार पार्क में ओपन जिम का निरीक्षण करती नगरायुक्त गजल भारद्वाज
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। नगरायुक्त गजल भारद्वाज ने शुक्रवार को पंत विहार व वैशाली विहार स्थित पार्कों में हुए सुंदरीकरण और जीर्णोद्धार का निरीक्षण किया। पार्कों के रखरखाव के संबंध में जानकारी लेते हुए शेष कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों और ठेकेदारों से भविष्य में पार्कों के रखरखाव की जानकारी ली।
पंत विहार स्थित पार्क और वैशाली विहार स्थित पार्क का सुंदरीकरण और जीर्णोद्धार अमृत योजना के तहत किया गया है। कार्यों की गुणवत्ता को देखने के लिए नगरायुक्त शुक्रवार की सुबह पार्कों में पहुंचीं। वैशाली विहार स्थित पार्क की चहारदीवारी, झूलों और निर्माण आदि के बारे में जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि पार्क में अभी झूले पूरे नहीं लगे हैं। नगरायुक्त ने अधिशासी अभियंता निर्माण आलोक श्रीवास्तव को सभी पार्कों के निर्माण की नियम, शर्तों आदि तथा किस पार्क का कार्य किसके स्तर पर लंबित है की फाइल प्रस्तुत करने को कहा। अधिशासी अभियंता ने नगरायुक्त को बताया कि अमृत योजना के अंतर्गत 14 पार्कों का जीर्णोद्धार किया जाना है। इनमें से दो का कार्य पूर्ण हो चुका है और 11 पार्कों का कार्य चल रहा है। इसके बाद नगरायुक्त पंत विहार पार्क में पहुंचीं। उन्होंने वहां ओपन जिम के लिए लगी मशीनों को ठीक कराने के अलावा क्यारियां विकसित करने और टाइल्स को ठीक कराने के निर्देश दिए। अपर नगरायुक्त राजेश यादव को सभी पार्कों के बाहर ऐसे बोर्ड लगवाने के निर्देश दिए जिन पर पार्कों के रखरखाव व उपयोग को लेकर सूचना अंकित हो। निरीक्षण के दौरान सहायक अभियंता रजनीश मित्तल, अवर अभियंता अनूप सिंह आदि मौजूद रहे।