कलक्ट्रेट सभागार में बैठक लेते डीएम अखिलेश सिंह
- डीएम ने दिए सहारनपुर-देहरादून हाईवे पर बनने वाले बहुउद्देशीय हब की प्रक्रिया तेज करने के निर्देश
- दो निरीक्षण भवनों के जीर्णोद्धार की कार्ययोजना मांगी
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। जिलाधिकारी अखिलेश सिंह ने सहारनपुर- देहरादून हाईवे पर बनने वाले बहु उद्देशीय हब को लेकर प्रक्रिया तेज करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मां शाकंभरी देवी मंदिर परिसर में जिला पंचायत के अतिथिगृह और फतेहपुर निरीक्षण भवन के जीर्णोद्धार की कार्ययोजना प्रस्तुत की जाए।
सोमवार को कलक्ट्रेट सभागार में हुई बैठक में उन्होंने कहा कि अंतरराज्यीय सीमा पर राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा करीब दो हेक्टेयर भूमि पर मेडिकल की दुकान, रेस्टोरेंट, होटल, एवं स्वागत द्वार के निर्माण, क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी द्वारा चिह्नित स्थल पर आठ एकड़ भूमि पर पर्यटन हब के निर्माण और क्षेत्रीय प्रबंधक उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम द्वारा 3000 वर्ग मीटर भूमि पर यात्री शेल्टर का निर्माण कराया जाएगा। उन्होंने मंडी परिषद द्वारा आठ एकड़ भूमि पर किसान मॉल एवं अन्य सुविधाओं का निर्माण, वन विभाग द्वारा पर्यटन की दृष्टि से विकास कार्य, चिकित्सा विभाग द्वारा 2400 वर्ग मीटर पर ट्राॅमा सेंटर और शिक्षा विभाग द्वारा 5000 वर्ग मीटर भूमि पर इंटर कॉलेज के निर्माण संबंधी रूपरेखा तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लोक निर्माण विभाग बहुउद्देशीय हब के निर्माण के लिए जमीन को चिह्नित कर और खरीदने का प्रस्ताव जल्द शासन को भेजें। उन्होंने फतेहपुर में निरीक्षण भवन, शाकंभरी देवी मंदिर के निकट स्थित निरीक्षण भवन के जीर्णोद्धार की कार्ययोजना प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी विजय कुमार और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।