संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के लाभ से वंचित किसानों का सर्वे कराया जाएगा। इसके लिए जिलाधिकारी अखिलेश सिंह ने कर्मचारियों की पंचायतवार ड्यूटी लगाई गई है। योजना से वंचित किसानों के दस्तावेजों का सत्यापन कर उसे प्रधानमंत्री किसान पोर्टल पर अपडेट किया जाएगा। इसके लिए जिले में 22 मई से 28 जून तक ग्राम पंचायतवार बैठकें होंगी।
किसानों को आर्थिक सहायता देने के उद्देश्य से किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत प्रतिवर्ष छह हजार रुपये की धनराशि दी जाती है। सम्मान निधि के लिए वर्ष में तीन बार दो-दो हजार रुपये की किस्त में किसानों के बैंक खाते में भेजा जाता है। जनपद में करीब तीन लाख किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ मिल रहा है। इसके बावजूद जिले में अभी भी कुछ पात्र किसान इस योजना के लाभ से वंचित हैं। वंचित किसानों को इस योजना का लाभ दिलाने के लिए प्रधानमंत्री किसान लाभार्थी संतृप्तिकरण अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत जिले की सभी ग्राम पंचायतों में 22 मई से 28 जून तक सर्वे कराया जाएगा। इसमें राजस्व विभाग, ग्राम्य विकास एवं पंचायत राज विभाग और कृषि विभाग के कर्मचारियों को लगाया जाएगा। सभी कर्मचारी गांव गांव में बैठक करके सम्मान निधि योजना से वंचित किसानों को न सिर्फ चिह्नित करेंगे बल्कि उनका सत्यापन कर उन्हें संबंधित पोर्टल पर भी अपलोड कराएंगे। इसके अलावा किसानों के बैंक खाते को आधार से भी लिंक कराया जाएगा।
वर्जन
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि से वंचित किसानों का सर्वे कराया जाएगा। इसके लिए प्रत्येक ग्राम सभा में बैठक की जाएगी। प्रधानमंत्री किसान लाभार्थी संतृप्तिकरण अभियान के तहत 22 मई से 28 जून तक सर्वे होगा। जिससे सभी पात्र किसानों को 13वीं किस्त प्राप्त हो सके। - डॉ. राकेश कुमार, उप निदेशक कृषि।