सहारनपुर। मां शाकुंभरी विश्वविद्यालय को दूसरे चरण में एक हजार छात्रों के बैठने की क्षमता वाला ऑडिटोरियम, जिले का पहला रेडियो स्टेशन, आईटी लैब आदि मिलेंगे। फिलहाल पहले ही चरण के निर्माण कार्य चल रहे हैं, जो अंतिम दौर में हैं। उनके पूर्ण होने के बाद दूसरे चरण के कार्यों की प्रक्रिया शुरू होगी।
विश्वविद्यालय के सभी निर्माण संबंधी कार्य दो चरणाें में होने हैं। विश्वविद्यालय की स्थापना दो दिसंबर 2021 को हुई थी। तब से पहले चरण के निर्माण कार्य चल रहे हैं, जिनमें प्रशासनिक भवन से लेकर तमाम विभाग, छात्रावास आदि के भवन बन रहे हैं। निर्माण की जिम्मेदारी लोक निर्माण विभाग पर है। पहले चरण के निर्माण कार्य अंतिम दौर में हैं। बीते दिनों प्रमुख सचिव ने निरीक्षण कर पहले चरण के कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए थे। लेकिन अभी इनके पूर्ण होने में थोड़ा और समय लगने की बात कही जा रही है। लेकिन साथ ही विश्वविद्यालय ने दूसरे चरण के निर्माण कार्यों के भी लिए कवायद शुरू कर दी है। दूसरे चरण में भी करोड़ों रुपये के निर्माण कार्य होंगे। इनमें ऑडिटोरियम, रेडियो स्टेशन, आईटी लैब, मूल्यांकन केंद्र प्रमुख हैं।
फिलहाल पहले ही चरण के अनेक कार्य बाकी हैं, जिनको गति के साथ करने का प्रयास किया जा रहा है। दूसरे चरण में भी कई बड़े कार्य होने हैं, लेकिन फिलहाल पूरा फोकस मौजूदा कार्यों पर है। जैसे ही पहले चरण के कार्य पूर्ण होंगे तो उसके बाद दूसरे चरण के निर्माण कार्यों पर ध्यान दिया जाएगा, जिसकी लंबी प्रक्रिया है।
- वीरेंद्र कुमार मौर्य, कुलसचिव, मां शाकुंभरी विश्वविद्यालय, सहारनपुर