गंगोह। सपा सांसद इकरा हसन द्वारा एडीएम पर लगाए गए अभद्र व्यवहार के आरोपों को लेकर पूर्व सांसद प्रदीप चौधरी ने तीखा निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सांसद इकरा हसन से जनता उनके एक साल के कार्यकाल का विकास कार्यों का हिसाब मांग रही है, लेकिन जवाब देने की बजाय वह जनता का ध्यान भटकाने के लिए अधिकारियों पर बेबुनियाद आरोप लगा रही हैं। प्रदीप चौधरी ने कहा कि अगर वाकई कोई समस्या थी तो सांसद को उसे जिलाधिकारी के समक्ष रखना चाहिए था न कि सार्वजनिक मंच से इस तरह के आरोप लगाने चाहिएं। उन्होंने कहा कि कोई भी अधिकारी जनप्रतिनिधियों से गलत व्यवहार नहीं करता, यह केवल एक सियासी हथकंडा है ताकि जनता को गुमराह किया जा सके। पूर्व सांसद प्रदीप चौधरी गंगोह के नानौता मार्ग पर एक कावड़ सेवा शिविर के उद्घाटन अवसर पर मीडिया से बातचीत कर रहे थे।