मिर्जापुर। कोतवाली क्षेत्र की शिवालिक पहाड़ियों में डंपर चालक ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। घायल युवक को उपचार के लिए सीएचसी बेहट ले जाया जा रहा था, लेकिन उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
चिलकाना थाना क्षेत्र के गांव आल्हणपुर निवासी सोनू उत्तराखंड के हर्बटपुर स्थित एक आम के बाग में नौकरी करता था। मंगलवार शाम करीब चार बजे वह अपनी बाइक से बाग में जाने के लिए निकला था। बादशाही बाग चौकी से आगे शिवालिक पहाड़ियों के पास पहुंचा, तभी सामने से आ रहे खनन सामग्री से भरे एक डंपर ने बाइक को साइड मार दी। टक्कर लगने से सोनू बाइक से नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर मौजूद राहगीरों ने घायल युवक को संभाला और उसके परिजनों को सूचना दी।उपचार के लिए सीएचसी बेहट भेजा गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिजन बिना किसी कानूनी कार्रवाई के शव को अपने साथ ले गए।