सहारनपुर। श्रीगंगानगर-ऋषिकेश एक्सप्रेस में आरक्षित सीट पर बैठने को लेकर कुछ युवकों ने मां-बेटी की पिटाई कर दी। मां-बेटी ने अभद्रता का भी आरोप लगाया। सहारनपुर पहुंचते ही महिला ने चेन पुलिंग कर ट्रेन को रोका, जिसके बाद दो आरोपियों को अन्य यात्रियों की मदद से पकड़कर जीआरपी के हवाले कर दिया गया। उनके अन्य साथी मौके से भाग गए।
देहरादून में जीएमएस रोड बसंत विहार निवासी प्रेमलता वर्मा बृहस्पतिवार को अपनी बेटी के साथ ट्रेन नंबर 14815 श्रीगंगानगर-ऋषिकेश एक्सप्रेस के कोच संख्या एस-4 में सीट नंबर 57 व 70 पर यात्रा कर रही थीं।
वह बेटी के साथ ट्रेन में श्रीगंगानगर से सवार हुई थींं। यमुनानगर से करीब 10-12 युवक उनके कोच में चढ़े। एस-4 कोच में महिला और यमुनानगर से चढ़े युवकों के बीच सीट को लेकर विवाद हो गया। दोनों पक्षों ने सीट पर अपना-अपना हक जताया। मां-बेटी ने जब सीट आरक्षित होने की बात कहीं तो युवकों ने गाली-गलौज शुरू कर दी।
आरोप है कि युवकों ने मां-बेटी के साथ मारपीट की। सहारनपुर रेलवे स्टेशन पहुंचने से पहले ही महिला ने मौका पाकर ट्रेन की चेन पुलिंग कर दी। इसके बाद साहस दिखाते हुए दो युवकों को पकड़ लिया, जबकि उनके अन्य साथी मौके से भाग गए।
इसके बाद महिला ने अन्य सहयात्रियों की मदद से दोनों आरोपियों को जीआरपी के हवाले कर दिया। संवाद