नानौता। दो दिन से लापता एसबीआई बैंक के शाखा प्रबंधक देर रात्रि नाटकीय अंदाज में अपनी रिश्तेदारी में पहुंच गए। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने उन्हें परिजनों के सुपुर्द किया।
बता दें कि दो दिन पूर्व घर से बैंक जाने के लिए निकले शाखा प्रबंधक सुधीर कुमार पुत्र विनोद कुमार रास्ते से ही लापता हो गए थे। उनके बैंक ना पहुंचने पर कर्मचारियों द्वारा परिजनों को बताया गया तो उनके होश उड़ गए थे। परिजनों तथा कर्मचारियों द्वारा तलाश करने के बावजूद कोई सुराग ना लगने पर उनके पिता विनोद कुमार ने थाने में तहरीर देकर उनकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पुलिस के अनुसार बीती रात शाखा प्रबंधक फंदपुरी गांव स्थित अपनी बुआ के घर पहुंच गए थे। इसकी सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने उन्हें उनके परिजनों के हवाले कर दिया। वह अभी कुछ बताने की स्थिति में नहीं हैं। स्थिति सामान्य होने पर पूछताछ की जाएगी।