नागल। गांव खजूरवाला में स्टेट हाईवे स्थित अंडरपास के निकट महाकाली देवी के मंदिर में शरारती तत्वों ने मूर्ति को खंडित कर दिया। सूचना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश पैदा हो गया। वह इस कृत्य में संलिप्त लोगों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह ग्रामीणों को समझा बुझाकर शांत किया।
गांव के निकट स्टेट हाईवे के पास पंडित मुनेश शर्मा ने अपने खेत में शिव जी, शेरो वाली तथा काली देवी का मंदिर बनवा रखा है। उसका परिवार लगातार सुबह-शाम पूजा करने यहां आता है। शुक्रवार शाम करीब 6 बजे मुनेश शर्मा जब मंदिर की ओर गए तो देखा कि किसी शरारती तत्व ने काली देवी की मूर्ति को खंडित कर दिया है। इसके बाद वह गांव पहुंचे और लोगों को इसकी सूचना दी। थोड़ी देर में ग्रामीण मंदिर पर जुट गए। मूर्ति खंडित किए जाने को लेकर उनमें काफी आक्रोश था। सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने जल्द ही शरारती तत्वों को चिन्हित कर उनकी गिरफ्तारी और मूर्ति बदलवाने का आश्वासन देकर ग्रामीणों को शांत किया। ग्रामीण कुलदीप राणा, अरुण राणा, गौतम शर्मा, राजीव राणा, धीरज कुमार, काका राणा, अनिल कुमार आदि का कहना था कि यदि जल्द ही मूर्ति खंडित करने वाले नहीं पकड़े गए तो वह आंदोलन को बाध्य होंगे। उधर सीओ देवबंद अशोक कुमार सिसोदिया का कहना है कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। शीघ्र ही शरारती तत्वों को चिन्हित कर पकड़ लिया जाएगा।