देवबंद। खंड विकास कार्यालय में शुक्रवार को कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें लोनिवि राज्यमंत्री बृजेश सिंह ने सरकारी सस्ते गल्ले की 10 दुकानों का लोकार्पण किया। इस दौरान संबंधित ग्राम पंचायतों के विक्रेताओं को अनुबंध पत्र भी सौंपे गए।
राज्यमंत्री बृजेश सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार एक भी गरीब व्यक्ति को भूखे सोने नहीं देगी। हर गरीब को मुफ्त राशन मुहैया कराने का सरकार का संकल्प है। निशुल्क खाद्यान्न योजना का दायरा आगामी 2027 तक बढ़ा दिया गया है। अध्यक्षता कर रहे ब्लाॅक प्रमुख प्रतिनिधि विजय त्यागी ने कहा कि हस्तांतरित उचित दर की दुकानों से प्रत्येक लाभार्थी को अपना राशन लेने में अब कोई परेशानी नहीं होगी।
इस दौरान देवबंद ब्लाॅक की ग्राम पंचायत जड़ोदाजट्ट, लालवाला, इमलिया, कुरड़ी, केंदुकी, बेलड़ा बुजुर्ग, तल्हेड़ी खुर्द, रसूलपुर टांक और नागल ब्लॉक की ग्राम पंचायत तल्हेड़ी बुजुर्ग एवं पनियाली कासिमपुर में निर्मित उचित दर की दुकानों का लोकार्पण कर संबंधित विक्रेताओं को अनुबंध पत्र सौंपे गए। संचालन कुलदीप सैनी ने किया। कार्यक्रम में बीडीओ आजम अली, एडीओ (पंचायत) अनिल कुमार, सचिव प्रदीप, जितेंद्र, वीरेंद्र, देवपाल, असलम परवेज, ग्राम प्रधान संगठन अध्यक्ष अर्जुन सिंह, भाजपा देहात मंडल अध्यक्ष सोनित कश्यप, डॉ. उपेंद्र सिंह, प्रधान भोपाल सैनी, विकास सिंह, बबली सैनी व विपिन कुमार आदि रहे।