सहारनपुर। जनपद को मिले 101 नए शिक्षकों को प्रदेश के कृषि शिक्षा एवं कृषि अनुसंधान विभाग मंत्री तथा प्रभारी मंत्री सूर्यप्रताप शाही ने नियुक्ति पत्र वितरित किए। जनमंच प्रेक्षागृह में आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम में मंत्री ने नव नियुक्त शिक्षकों को अपनी क्षमता का प्रयोग देश का भविष्य संवारने में करने की अपील की।
मंत्री ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा हर बच्चे का अधिकार है। प्रदेश सरकार बच्चों को इस अधिकार को दिलाने में प्रयासरत है। 69 हजार शिक्षकों की भर्ती के साथ ही अन्य भर्तियों में प्रदेश के करीब पौने चार लाख युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराया गया है। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में 36590 शिक्षकों को यह नियुक्ति पत्र प्रदान किये जा रहे है। सरकार की प्राथमिकता है कि पूर्ण पारदर्शिता के साथ योग्य व्यक्तियों को ही अवसर प्राप्त कराए जाएं। उन्होंने जनमंच में उपस्थित सभी नवनियुक्त शिक्षकों को बधाई दी। इससे पहले मंत्री ने शिक्षकों को नियुक्ति पत्र देने के साथ ही परिषदीय विद्यालयों के 11 छात्र-छात्राओं को स्वेटर भी वितरित किए। बेटी-बचाओ-बेटी पढ़ाओं अभियान को भी सफल बनाने में पूरी लगन के साथ मेहनत करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। समारोह में विधायक देवेंद्र निम, विधायक कीरत सिंह, माहपौर संजीव वालिया, जिलाधिकारी अखिलेश सिंह, नगर आयुक्त ज्ञानेंद्र सिंह, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) एसबी सिंह, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) विनोद कुमार, भाजपा जिलाध्यक्ष महेंद्र सैनी, नगराध्यक्ष राकेश जैन, पूर्व सांसद राघव लखनपाल शर्मा, पूर्व विधायक राजीव गुम्बर आदि मौजूद रहे।
इनको दिए नियुक्ति पत्र
कृषि मंत्री ने एनआईसी में नवीन पंवार, स्वाति, अभिषेक कुमार साहू, धर्मेंद्र कुमार और ईश्वरचंद को नियुक्ति पत्र सौंपे। इसके बाद जनमंच में शुभम अग्रवाल, अश्वनी कुमार, शाहनवाज, हिमांशु भट्ट, अर्जुन सिंह, आयुष सैनी, प्रवीण सैनी, अनुज सैनी, अमन देशवाल तथा अमित कुमार को भी प्रभारी मंत्री के हाथों से नियुक्ति पत्र दिए, जबकि अन्य को बाद में नियुक्ति पत्र अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने सौंपे।
नियुक्ति पत्र मिलने पर जताई खुशी
- नवीन पंवार ने कहा कि शिक्षक नियुक्ति प्रक्रिया पारदर्शी रही, जिसका फायदा मिला। इनके अलावा स्वाति, अभिषेक कुमार साहू और धर्मेंद्र कुमार ने भी नियुक्ति पत्र मिलने पर खुशी जताई और प्रक्रिया को पारदर्शी बताया।