दुग्ध आयुक्त ने किया पाली क्लीनिक का निरीक्षण
सहारनपुर, रामपुर मनिहारान। सहारनपुर मंडल में गोवंश में लंपी की रोकथाम हेतु प्रदेश सरकार द्वारा नामित नोडल अधिकारी दुग्ध आयुक्त शशि भूषण लाल सुशील ने रामपुर मनिहारान में साढ़े छह करोड़ रुपये की लागत से बने राजकीय पशु चिकित्सालय पाली क्लीनिक का निरीक्षण किया।
मंगलवार शाम नोडल अधिकारी दुग्ध आयुक्त शशि भूषण लाल सुशील ने पॉली क्लीनिक की बिल्डिंग, कोल्ड स्टोर में रखी वैक्सीन, गांवों में लंपी रोग की चपेट में आ रहे गोवंश के बारे में जानकारी ली। पशु चिकित्साधिकारी डॉ. संजय चतुर्वेदी ने उन्हें बताया कि रामपुर मनिहारान ब्लॉक में 54 ग्राम सभा है। इनमें से 31 गांवों में गोवंश लंपी रोग की चपेट में थे, जिनमें से काफी रिकवर हो गए हैं। 23 ऐसी ग्राम सभा हैं जिनमें एक भी केस नहीं है। उनमें वैक्सीनेशन शुरू करा दिया गया है। बाद में नोडल अधिकारी ने दिल्ली रोड पर गांव नंदपुर स्थित गोशाला में पहुंचकर गोवंश संबंधित रख रखाव, सफाई व्यवस्था का भी जायजा लिया।
उनके साथ अपर निदेशक पशुपालन डॉ. आनंद सोलंकी, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजीव सक्सेना, एसडीएम संगीता राघव, बीडीओ केपी श्रीवास्तव, डा संजय चतुर्वेदी, डॉ. नागेंद्र सिद्धू, रचना गौतम, विजेंद्र कुमार, सुभाष कुमार, शेर सिंह आदि रहे।