सहारनपुर, नागल। दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुराली जनों ने विवाहिता को मारपीट करते हुए जहरीला पदार्थ खिलाकर मारने का प्रयास किया। पीड़िता के पिता ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने सास ससुर सहित पांच ससुरालियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
थाना देवबंद के गांव मानकी निवासी खुर्शीद ने थाने में दी तहरीर में बताया कि उसने अपनी बेटी अमरीन की शादी करीब डेढ़ वर्ष पूर्व थाना नागल क्षेत्र के गांव नन्हेड़ा बुड्ढा खेड़ा निवासी मोहतरम के साथ की थी। आरोप है कि ससुराली जन बुलेट मोटरसाइकिल की मांग को लेकर आए दिन अमरीन के साथ मारपीट एवं मानसिक शोषण कर रहे थे। पीड़ित ने बताया कि तीन माह पूर्व अमरीन का शौहर मोहतरम सऊदी अरब चला गया था। इस दौरान ससुरालियों द्वारा किया जाने वाला उत्पीड़न और बढ़ गया। मंगलवार को अमरीन के ससुर, सास व अन्य ससुराल वालों ने मारपीट करने के बाद उसे जहर देकर मारने का प्रयास किया। किसी तरह उसे पता चला तो उसने अपनी बेटी को जिला अस्पताल भर्ती कराया। जहां उसकी बेटी की हालत गंभीर बनी है। थाना प्रभारी निरीक्षक देशराज सिंह ने बताया कि मामले में सास ससुर सहित पांच ससुरालियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।