सहारनपुर। ईद उल अजहा की तैयारियों को लेकर पार्षदों का प्रतिनिधिमंडल अपर नगर आयुक्त राजेश यादव से मिला। पार्षदों ने उन्हें ज्ञापन सौंपते हुए व्यवस्थाएं दुरुस्त कराने की मांग की।
पार्षद मंसूर बदर ने अपर नगर आयुक्त राजेश यादव को बताया कि ईद उल अजहा छह जून को मनाया जाएगा। पुल कंबोह और उसके आसपास लगने वाली पशु मंडी के पास नाले पर रखे करीब 25 से 30 ढक्कन टूटे हैं। आनंदनगर पुलिया से मिगलानी बिल्डिंग पुलिया से होकर रेंच के पुल तक की सड़क खराब है। इसकी वजह से क्षेत्रवासियों को परेशानी उठानी पड़ रही है। पार्षद प्रतिनिधि सईद सिद्दीकी ने मोहल्ला मुफ्ती की खराब सड़क ठीक करवाने, पार्षद गुलज़ेब खान ने पथ प्रकाश के लिए लाइटें लगवाने और सड़क दुरुस्त कराने की मांग की। पार्षद जफर अंसारी ने खानलमपुरा की सड़क और लाइट लगवाने, समीर अंसारी ने वार्ड 31 की टूटी सड़क बनवाने की मांग की। मिलने वालों में इजहार मंसूरी, रईस पप्पू, आसिफ अंसारी, मेनपाल, डॉ. मंसूर, मोहर्रम अली, नूर आलम आदि रहे।