महाविद्यालयों में स्नातक स्तर के पाठ्यक्रमों में प्रथम वर्ष में होने हैं प्रवेश
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। महाविद्यालयों में संचालित स्नातक स्तर के पाठ्यक्रमों में प्रथम वर्ष में प्रवेश के लिए मां शाकुंभरी विश्वविद्यालय पहली मेरिट लिस्ट आज जारी करेगा। लिस्ट में शामिल अभ्यर्थियों के प्रवेश 26 से 28 जुलाई तक होंगे।
स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए ऑनलाइन पंजीकरण की प्रक्रिया 17 मई को शुरू की गई थी, जो 16 जुलाई तक चली। पहली मेरिट लिस्ट 24 जुलाई को दोपहर 12 बजे तक विश्वविद्यालय के पोर्टल पर अपलोड की जाएगी। मेरिट में शामिल अभ्यर्थियों को विश्वविद्यालय द्वारा ऑफर लेटर 25 जुलाई को जारी होंगे। महाविद्यालय 26 से 28 जुलाई तक अभ्यर्थियों को प्रवेश देंगे। महाविद्यालयों द्वारा विश्वविद्यालय पोर्टल पर 28 जुलाई तक ही प्रवेश संपुष्ट किए जाएंगे। उनकी अपील है कि मेरिट में शामिल अभ्यर्थी निर्धारित तिथि में संबंधित महाविद्यालयों में जाकर प्रवेश अवश्य ले लें, क्योंकि प्रवेश नहीं लेने की स्थिति में अगले अभ्यर्थियों को मौका मिल जाएगा।
राजकीय और एडेड में रहेगी मारामारी
मां शाकुंभरी विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों एवं निजी संस्थानों में स्नातक स्तर के पाठ्यक्रमों में प्रथम वर्ष में कुल 45,000 सीट हैं। इन सीटों पर प्रवेश के लिए 43,000 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया है। यानी कुल सीटों से कम पंजीकरण हुए हैं। लेकिन उसके बाद भी प्रवेश के लिए मारामारी रहेगी। क्योंकि 45,000 में ज्यादातर सीटें निजी संस्थानों में हैं। जबकि अभ्यर्थियों की पहली प्राथमिकता राजकीय या एडेड महाविद्यालयों में प्रवेश लेने की रहती है, क्योंकि वहां फीस अधिक नहीं होती और फैकल्टी भी योग्य व पूरी रहती है। ऐसे में माना जा रहा है कि प्रवेश के लिए राजकीय व एडेड महाविद्यालयों में मारामारी रहेगी।