सहारनपुर में मंगलवार सुबह छाया कोहरा।
सहारनपुर। न्यूनतम तापमान 3.5 डिग्री सेल्सियस पर बने रहने के कारण सर्दी से लोगों के शरीर सुन्न पड़ गए। दोपहर में निकली कुछ देर की धूप भी सर्दी से राहत नहीं दिला सकी। शाम के समय सर्दी का असर और अधिक महसूस किया गया।
मंगलवार की सुबह जनपद में घना कोहरा रहा। दृश्यता 100 से 150 मीटर तक रही। कोहरे के साथ बर्फीली हवा के कारण सर्दी चरम पर रही। शहरी क्षेत्र में सुबह 10:30 बजे हल्की धूप निकल आई, लेकिन देहात में पूर्वाह्न 11:30 बजे के बाद सूरज ने दर्शन दिए। कुछ ही देर बाद बादल आ गए, जिसकी वजह से धूप हल्की पड़ गई। दोपहर करीब दो बजे बादल छटे और धूप साफ हुई। केवल धूप में खड़े होकर कुछ राहत मिली, लेकिन छांव और घरों के भीतर ठंड रही, जहां गर्म कपड़े भी कोई खास राहत नहीं दिला सके।
न्यूनतम तापमान सोमवार के समान 3.5 डिग्री सेल्सियस ही रहा, जबकि अधिकतम तापमान में दो डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई और वह 11.5 से बढ़कर 13.5 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग ने बुधवार को भी मौसम के ऐसे ही बने रहने का अनुमान जताया है।
पाला पड़ने से फसलों की वृद्धि रुकी : अत्यधिक सर्दी और पाला पड़ने का असर फसलों पर भी पड़ रहा है। जनपद में बड़े पैमाने पर सब्जियों की खेती होती है, जिनमें पालक, गोभी, बैंगन, मटर, पत्ता गोभी, टमाटर आदि शामिल हैं। सर्दी की वजह से इनकी वृद्धि रुकी है। गेहूं और गन्ने की पैदावार भी बड़े स्तर पर होती है। कृषि विज्ञान केंद्र के प्रभारी डॉ. आइके कुशवाहा का कहना है कि फसलों को पाले के असर से बचाने के लिए दिन के समय हल्की सिंचाई करें। धुंआ भी कर सकते हैं, जो सर्दी के असर को कम करता है।