सहारनपुर में कोहरे और ठंड से सहारनपुर ठिठुर रहा है। तापमान धड़ाम है। शनिवार को न्यूनतम तापमान एक डिग्री और अधिकतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। ठंड का असर खेती, मजदूरों के रोजगार और यातायात पर भी पड़ रहा है।
शनिवार की सुबह कोहरा रहा। मगर, कोहरा जल्द छट जाने के कारण नौ बजे तक धूप निकल आई। दिनभर हल्के बादल छाए रहने की वजह से धूप धुंधली रही, जिसका असर कम ही रहा। ऐसे में लोगों को धूूप के बावजूद ठंड से पूरी राहत नहीं मिल सकी।
शनिवार को न्यूनतम तापमान एक और अधिकतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस रहा। सर्दी के बढ़ने की वजह से स्कूल जाने वाले मासूमों और निराश्रित व असहाय लोगों को अधिक परेशानी हो रही है। खेती पर भी इसका प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
इस बार सर्दी में अच्छी बारिश न होने की वजह से खेती और बागवानी पर इसका बुरा असर पड़ रहा है। फसलों की ग्रोथ कम हो रही है। ऐसे में किसान बारिश की दुआ मांग रहे हैं। बाजारों में कम भीड़ जुटने की वजह से व्यापार भी ठंडा पड़ा है।
इसके अलावा बस और रेल यातायात भी प्रभावित हो रहा है। रात में चलने वाली बसें कोहरे के कारण चल नहीं पा रही हैं। रेल यातायात बुरी तरह प्रभावित है। 14 ट्रेनें एक महीने के लिए रद हैं। साथ ही प्रतिदिन चल रही ट्रेनें 15 घंटे तक देरी से चल रही हैं। जिनकी वजह से यात्रियों को समस्या हो रही है।