सहारनपुर। दसवीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षा में जनपद के टॉपर बने 23 मेधावी विद्यार्थियों को विकास भवन स्थित सभागार में आयोजित अलंकरण समारोह में सम्मानित एवं पुरस्कृत किया गया। मेधावियों को 21 हजार रुपये का चेक, टैबलेट और प्रमाण पत्र दिया गया। इसी दौरान अमर उजाला की ओर से भी सभी मेधावियों को प्रमाणपत्र, मेडल और पुस्तक देकर सम्मानित किया गया।
सबसे पहले लोक भवन लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की उपस्थिति में आयोजित सम्मान समारोह का सीधा प्रसारण दिखाया गया। इसके बाद नगर विधायक राजीव गुंबर, जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र, पूर्व विधायक महावीर सिंह राणा, पूर्व विधायक सुशील चौधरी, साढ़ौली कदीम ब्लॉक प्रमुख विश्वास चौधरी आदि ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
इसके बाद अतिथियों द्वारा पहले दसवीं के 11 मेधावियों को 21-21 हजार रुपये का चेक, टैबलेट और प्रमाण पत्र दिया गया। इसके बाद 12वीं के 12 मेधावियों को 21-21 हजार रुपये के चेक, टैबलेट और प्रमाण पत्र दिए गए। इनके साथ ही अमर उजाला की ओर से भी सभी 23 मेधावियों को प्रमाण पत्र, मेडल और पुस्तकें देकर सम्मानित किया गया।
जिलाधिकारी ने सभी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए जीवन में इसी तरह आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने लक्ष्य निर्धारित कर ही आगे बढ़ने को कहा। अंत में जिला विद्यालय निरीक्षक योगराज सिंह ने अतिथियों का आभार व्यक्त किया और मेधावियों को बधाई दी। कार्यक्रम में संबंधित विद्यालयों के प्रधानाचार्य, शिक्षक और अभिभावक भी मौजूद रहे।
मेधावियों ने जताई खुशी
-दसवीं की छवि राणा सम्मान और पुरस्कार पाकर गदगद दिखी। उसने इसके लिए प्रदेश सरकार, जिला प्रशासन और अमर उजाला का आभार व्यक्त किया। छवि ने कहा कि इस तरह के आयोजनों से और बेहतर करने की प्रेरणा मिलती है।
-रणखंडी के टीपीएस इंटर कॉलेज से आई दसवीं मेधावी दिव्यांशी ने कहा कि उसने कभी नहीं सोचा था कि उसको प्रशासन के द्वारा इस तरह से सम्मानित कर टैबलेट के रूप में उपहार दिया जाएगा। साथ में अमर उजाला का प्रमाण पत्र मिलना भी सुकून की बात है।
-गुरुनानक इंटर कॉलेज सहारनपुर के हिमांशु बरसवाल ने सम्मानित करने के लिए सरकार, प्रशासन और अमर उजाला का धन्यवाद किया। उसने बताया कि विद्यालय से भी उसको बधाइयां मिल रही हैं, जो खुशी की बात है।
-12वीं में एएचपी इंटर कॉलेज छुटमलपुर को टॉप करने वाली प्रियंवदा शर्मा ने सम्मान और पुरस्कार मिलने पर खुशी व्यक्त की। उसने बताया कि यह कड़े परिश्रम का ही नतीजा है कि आज यह सम्मान मिला है।
-नेहरू मार्केट स्थित राजकीय इंटर कॉलेज के मो. उमर ने अपनी सफलता का श्रेय कड़े परिश्रम तथा गुरुजनों को दिया। उसने कहा कि यह सम्मान अकेले उसका नहीं, बल्कि उसके गुरुजनों और विशेषकर प्रधानाचार्य का है, जिसने प्रेरित किया।
-जनता इंटर कॉलेज बिलासपुर के विवेक सिंह परमार ने कहा कि एक साथ दो-दो प्रमाण पत्र और उपहार पाकर वह बेहद खुश है। उसने सम्मान के लिए सरकार और अमर उजाला का आभार व्यक्त किया।