देवबंद। दारुल उलूम की सुप्रीम पावर मजलिस-ए-शूरा ने अहम फैसला करते हुए जमीयत उलमा-ए-हिंद के अध्यक्ष व पूर्व राज्यसभा सदस्य मौलाना महमूद मदनी को शूरा का सदस्य बनाया है। मंगलवार को दारुल उलूम के मेहमानखाने में चल रही मजलिस-ए-शूरा की बैठक के दूसरे दिन शूरा सदस्यों ने मौलाना महमूद के नाम पर मुहर लगाई। दारुल उलूम के मोहतमिम मौलाना मुफ्ती अबुल कासिम नोमानी ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने बताया की शूरा में एक सदस्य की जगह खाली थी। जिस पर सर्वसम्मति से मौलाना महमूद मदनी को शूरा सदस्य चुना गया है। गौरतलब है पिछले काफी समय से मौलाना महमूद के मजलिस-ए-शूरा के सदस्य बनने की चर्चाएं जोरों पर थीं। महमूद मदनी के चाचा व जमीयत के दूसरे धड़े के अध्यक्ष मौलाना अरशद मदनी पहले ही शूरा के सदस्य और संस्था में सदर मुदर्रिस हैं।