कूच बिहार ट्रॉफी में उत्तर प्रदेश और राजस्थान के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करते अतिथि। स्त्रो
- फोटो : सांकेतिक
सहारनपुर। बीसीसीआई की अंडर-19 कूच बिहार ट्रॉफी का प्री-क्वार्टर फाइनल मैच बुधवार से बिहारीगढ़ के सुंदरपुर स्थित सॉलिटेयर क्रिकेट मैदान पर शुरू हुआ। कोहरे के कारण मैच करीब पांच घंटे देरी से शुरू हो सका। पहले दिन का खेल समाप्त होने तक उत्तर प्रदेश की टीम ने दो विकेट गंवाकर 90 रन बना लिए थे। अयान अकरम और कार्तिकेय क्रीज पर जमे हुए थे।
राजस्थान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। उत्तर प्रदेश की टीम ने पहले दिन का मैच समाप्त होने तक 31 ओवर में दो विकेट के नुकसान पर 90 रन बना लिए थे। अनमोल नौसरान एलबीडब्ल्यू आउट हुए। युवराज अर्धशतक से चूके और 43 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। भव्य गोयल रिटायर्ड हर्ट होकर मैदान से बाहर चले गए। कार्तिकेय सिंह ने 56 गेंदों में 20 रन बनाकर और आयन अकरम 21 गेंद पर 15 रन बनाकर क्रीज पर जमे हुए थे।
राजस्थान की ओर से प्रखर शर्मा ने दो विकेट लिए। इससे पहले मुख्य अतिथि एसडीसीए के उपाध्यक्ष परविंदर सिंह ने दोनों टीम के खिलाड़ियों का परिचय प्राप्त कर मैच की शुरुआत की। मैच सुबह शुरू होना था, लेकिन घने कोहरे के कारण वह करीब पांच घंटे देरी से दोपहर 2:30 बजे शुरू हो सका। मैच के आयोजन में एसडीसीए चेयरमैन मोहम्मद अकरम, एल्फा क्रिकेट एकेडमी के निदेशक डॉ. सैयद फैसल, एसडीसीए अध्यक्ष राजीव गुप्ता, सचिव लतीफ उर रहमान, कोषाध्यक्ष पाली कालड़ा का योगदान रहा। मैच के दौरान संरक्षक अमर गुप्ता, राज कुमार राजू, एसडीसीए मीडिया प्रभारी सैयद मशकूर, संयुक्त सचिव महेश शर्मा, मोहम्मद वकार, भूपेंद्र कच्छल, विनय कुमार आदि रहे।
पहले दो मैच जीत चुकी यूपी की टीम
कूच बिहार ट्रॉफी के तहत इसी मैदान पर यह तीसरा मैच है। इससे पहले उत्तर प्रदेश का पहला मुकाबला चंडीगढ़ और दूसरा मुकाबला छत्तीसगढ़ के साथ हुआ था। दोनों मुकाबलों में उत्तर प्रदेश की टीम विजेता रही थी, जिसमें लोकल बॉय अयान अकरम गेंदबाजी के साथ बल्लेबाजी में भी चमके थे और उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया था।