सहारनपुर के ट्रांसपोर्ट नगर स्थित होजरी गोदाम में शनिवार रात भीषण आग लग गई। आग तेजी से फैली और पूरा गोदाम जल गया। छह दमकल गाड़ियां आग बुझाने में जुटी हैं। फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
सहारनपुर जिले के थाना जनकपुरी क्षेत्र के ट्रांसपोर्ट नगर में स्थित हमजा ट्रेडर्स नामक होजरी गोदाम में शनिवार रात भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरा गोदाम चपेट में आ गया, जिससे आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
विज्ञापन
आग की सूचना मिलते ही थाना जनकपुरी पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल दमकल विभाग को सूचित किया गया। आग बुझाने के लिए करीब छह दमकल गाड़ियों को लगाया गया, जो लगातार पानी की बौछार कर रही हैं।
दमकल कर्मियों को आग पर काबू पाने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है। गोदाम में भारी मात्रा में होजरी का सामान रखा था, जिससे बड़े आर्थिक नुकसान की आशंका है। फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।