नानौता। थाने से चंद कदम की दूरी पर दिनदहाड़े दुकान पर बैठे घड़ी विक्रेता के साथ नकाबपोश बाइक सवार चार युवकों ने बेल्ट से हमला कर दिया। हालांकि शोर मचाने पर आस पास के दुकानदारों को इक्टठा होते देख आरोपी मौके से भाग गए। पूरी घटना आस पास की दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
क्षेत्र के गांव लंढौरा निवासी राजेंद्र कश्यप की थाना रोड पर घड़ी बेचने व मरम्मत की दुकान है। बृहस्पतिवार दोपहर करीब ढाई बजे राजेंद्र कश्यप अपनी दुकान पर बैठे थे। इसी दौरान बाइक सवार चार नकाबपोश युवक वहां पहुंचे। आते ही उन्होंने राजेंद्र के साथ बेल्ट से मारपीट करने की कोशिश की। राजेंद्र के शोर मचाने पर जब अन्य दुकानदार मौके की तरफ भागे तो आरोपी चारों युवक भाग निकले। भागते वक्त एक की चप्पल भी वहीं छूट गई। बताया जाता है कि घटना से डेढ़ घंटा पहले भी हमलावरों ने दुकानदार की रैकी की थी। लोगों में इस बात को लेकर आक्रोश है कि थाने के पास भी हमला कर हमलावर आसानी से भाग गए।
उधर, एसपी देहात मयंक पाठक ने बताया कि दुकानदार के साथ मारपीट का मामला है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है। तहरीर मिलने पर जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।