विवाहिता को घर से निकाला, बच्चा भी छीना
तीतरो। पति की मौत के बाद जबरन देवर से निकाह करा कर दहेज की मांग पूरी नही होने पर महिला को सुसराल पक्ष के लोगों ने धक्के मार कर घर से निकाल दिया। आरोप है कि विवाहिता से एक साल के बालक को भी छीन लिया है।
थाना क्षेत्र के बाल्लू निवासी विवाहिता ने तीतरो पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाई है कि चार वर्ष उसका विवाह नकुड़ कोतवाली के टिडौली निवासी युवक के साथ हुआ था। पति की लंबी बीमारी के चलते मौत हो गई थी। सुसराल पक्ष के लोगों ने उसकी इच्छा के विरुद्ध उसके देवर के साथ उसका निकाह कर दिया। लोक लाज के भय से उसने पति के साथ रहना मुनासिब समझा। आरोप है कि सास-सुसर ने विवाहिता की विधवा मां से करीब एक लाख की रकम बतौर उधार ले रखी है। रकम वापस नहीं करने के लिए विवाहिता से दहेज की मांग की जा रही है। आरोप है कि एक साल के बच्चे को छीनकर विवाहिता को घर से निकाल दिया है। विवाहिता ने पुलिस से बच्चे को वापस दिलाने की गुहार लगाकर सुसरालियों के खिलाफ कारवाई की मांग की है। उधर, कोतवाली प्रभारी का कहना है कि तहरीर मिली है। जांच कराई जा रही है।