सहारनपुर। राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 और विषम सेमेस्टर के विद्यार्थियों को विषयों के आवंटन में अनेक महाविद्यालय और संस्थान लापरवाही बरत रहे हैं। इससे परीक्षा फॉर्म भरने में देरी हो रही है। विश्वविद्यालय ने विषयों के आवंटन की तिथि 22 अक्तूबर तक बढ़ा दी है। प्राचार्यों को आवंटन करने के निर्देश दिए गए हैं।
सत्र 2024-25 में विषम सेमेस्टर के विद्यार्थियों को विषय और पेपर का आवंटन होना है। इसी प्रकार राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के तहत प्रवेशित विद्यार्थियों को मेजर और माईनर विषय, वोकेशनल और स्किल कोर्स तथा को-कुरिकुलर आदि विषयों का आवंटन होना है। जिससे की परीक्षा फार्म भरे जा सकें। विश्वविद्यालय ने विषयों के आवंटन के लिए 14 से 18 अक्तूबर तक पोर्टल खोला था। लेकिन अनेक महाविद्यालयों ने 18 अक्तूबर तक विषयों का आवंटन कर विषयों को विश्वविद्यालय पोर्टल पर अपलोड नहीं किया है। ऐसे में विश्वविद्यालय की ओर से महाविद्यालयों और संस्थानों को फिर से पत्र जारी किया गया है। साथ ही विषयों के आवंटन के लिए 22 अक्तूबर तक के लिए पोर्टल को खोला गया है। जब तक विषयों का आवंटन नहीं होगा, तब तक परीक्षा फॉर्म नहीं भरे जा सकेंगे।