सहारनपुर। जिले में मादक पदार्थ के तस्कर अपनी जड़ें इतनी मजबूत कर चुके हैं कि पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाने के बाद भी इनका नेटवर्क नहीं टूट रहा है। कई मामले में ऐसे भी सामने आए हैं, जिनमें नशे की वजह से युवाओं की मौत हुई है। कई इलाके मादक पदार्थों के तस्करों के गढ़ बन गए हैं।
महानगर में रेलवे स्टेशन के आसपास मादक पदार्थों के तस्कर पूरी तरह सक्रिय हैं, जो दिन में वहां घूमते हुए दिखाई दे जाते हैं। जीपीओ रोड पर क्षेत्रवासी कमल किशोर, रजनीश गुलाटी, अनूप कुमार का कहना है कि यहां पर अक्सर एक महिला पदार्थ से भरी सिगरेट भरकर बेचते हुए दिखती है। इसी तरह गंगोह बस अड्डे के पास भी यह अवैध धंधा करने वाले सक्रिय हैं। इसके अलावा नदीम कॉलोनी, पुराना कलसिया रोड, खाताखेड़ी, चिलकाना रोड, चकराता मार्ग, नुमाइशकैंप, हकीकतनगर, नवादा रोड, ढोलीखाल, पीर वाली गली, खानआलमपुरा, जनकनगर, सुक्खुपुरा, बेरीबाग में तस्करों का नेटवर्क चल रहा है। सूत्रों के मुताबिक यहां से युवक मादक पदार्थ खरीदते हैं। पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर बीते पांच माह में करीब 50 से अधिक तस्करों स्मैक, सुल्फा, चरस व अन्य मादक पदार्थों के तस्करों को पकड़ा है। इसके बावजूद इनका नेटवर्क नहीं टूट रहा है।
बरेली लाकर करते हैं सप्लाई
पुलिस द्वारा पकड़े गए तस्करों ने खुलासा किया है कि बरेली से मादक पदार्थ लाते हैं, जिन्हें सहारनपुर के अलावा पड़ोसी जिलों व उत्तराखंड एवं हरियाणा में भी सप्लाई किया जाता है। करीब एक वर्ष में 200 से अधिक तस्कर जिलेभर में पकड़े गए। इनमें से अधिकांश ने बरेली मादक पदार्थ लाना स्वीकार किया, लेकिन पुलिस के हाथ बरेली बैठे गैंग लीडर तक नहीं पहुंच पाए हैं।
हाल ही में हुए दो-दो वीडियो वायरल
दो दिन पहले ही कपिल विहार में नगर निगम नलकूप परिसर का वीडियो वायरल हुआ। वीडियो में दिख रहा है कि पंप ऑपरेटर की मौजूदगी में वहां पर युवक खुद को नशे के इंजेक्शन लगा रहे हैं। यह वीडियो 18 दिन पुराना बताया गया। नगर निगम के अधिकारी पंप ऑपरेटर को वहां से हटा चुके हैं। कोतवाली सदर बाजार पुलिस भी उसकी तलाश कर रही है। मोहल्ले में रहने वाले सन्नी कुमार व नरेश नरूला का कहना है कि करीब एक वर्ष से यह अवैध धंधा चल रहा था।
युवकों की हो चुुकी है मौत
तीन माह पहले एक युवक का शव छजपुरा में नाले में पड़ा था मिला था, जिसके परिजनों ने थाना जनकपुरी पुलिस को जानकारी दी कि युवक कई प्रकार के नशे करता था। चार माह पूर्व जीपीओ रोड पर एक युवक का शव मिला था, जिसकी मौत का कारण कोतवाली सदर बाजार पुलिस ओर से अत्यधिक सूंघने वाला नशा करना बताया गया था। थाना जनकपुरी क्षेत्र में भी कच्ची सड़क पर दो माह पूर्व एक युवक की नशे की वजह से जान चली गई थी।
मादक पदार्थ बेचने का आरोप
सहारनपुर। मोहल्ला नयाबांस मानकमऊ निवासी काजल, अरविंद, सन्नी मौर्य, सुनील, शुभम, सन्नी, प्रदीप सैनी, सुनील कुमार, महक सिंह ने एसएसपी को पत्र देकर मानकमऊ में एक व्यक्ति द्वारा मादक पदार्थों की तस्करी करने का आरोप लगाया है। इतना ही नहीं विरोध करने पर आरोपी लोगों से मारपीट करता है। थाने जाने पर पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। आरोपी का वीडियो भी उनके पास है। एसएसपी से मामले में कार्रवाई की मांग की।
तस्करों के खिलाफ पुलिस का अभियान जारी है। लगातार मादक पदार्थों के तस्कर पकड़े जा रहे हैं। पुलिस इनके नेटवर्क को पूरी तरह खत्म कर देगी। इसके लिए थाना पुलिस के अलावा विशेष टीमें भी काम कर रही हैं।
-डॉ. एस चनप्पा, एसएसपी