-मां के आधार कार्ड पर ही मिल जाएगा योजना का लाभ, किए गए कुछ बदलाव
-एक जनवरी 2017 से लागू हुई थी योजना, दो किस्तों में मिलते हैं पांच हजार रुपये
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना में कुछ बदलाव हुए हैं। इस योजना में पिता के आधार कार्ड की अनिवार्यता खत्म कर दी गई। केवल मां के आधार कार्ड पर योजना का लाभ मिल सकेगा।
प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना एक जनवरी 2017 से लागू है। योजना के तहत गर्भवती और स्तनपान कराने वाली माताओं के स्वास्थ्य में सुधार के लिए वित्तीय सहायता प्रदान की जाती है, जिससे महिला बच्चे के जन्म से पहले और बाद में पर्याप्त आराम कर सके। अब सरकार ने योजना में कुछ बदलाव किया है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजीव मांगलिक बताया कि प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना डिजिटल हो गई है, इसलिए अब इसमें फार्म भरने की जरूरत नहीं है। आशा कार्यकर्ता और एएनएम पोर्टल पर सीधे लाभार्थी का ब्योरा भर सकेंगी। इस योजना में प्रथम किस्त तीन हजार रुपये प्रसव पूर्व कम से कम एक जांच होने पर और दूसरी किस्त दो हजार रुपये बच्चे के जन्म का पंजीकरण और बच्चे के प्रथम चक्र का टीकाकरण पूरा होने पर मिलते हैं।