सहारनपुर के नवादा रोड स्थित इंडियन हर्ब्स के निकट नगर निगम के नाले से कब्जा हटवाने पर जमकर हंगामा हुआ। लोगों ने टीम का विरोध किया और भूमि को अपनी बताया।
टीम ने पानी की निकासी के लिए नाले को खुलवा दिया और तहसीलदार को पैमाइश कराने के निर्देश दिए। गुरुवार को लोगों द्वारा की गई जलभराव की शिकायत पर उपजिलाधिकारी राम विलास यादव के नेतृत्व में तहसील प्रशासन की टीम ग्राम काजीपुरा के राजस्व ग्राम सीकरी स्थित इंडियन हर्ब्स के
निकट नगर निगम के नालों से अतिक्रमण हटवाने के लिए पहुंची। टीम ने जैसे ही अतिक्रमण हटवाने की कार्रवाई शुरू की लोगों ने टीम को घेर लिया और हंगामा शुरू कर दिया।
लोगों ने आरोप लगाया कि बिना किसी सूचना के ही तोड़फोड़ शुरू कर दी है। जबकि यह उनकी जमीन है। फिर भी उन्हें कोई मौका नहीं दिया गया। इस पर एसडीएम में पानी की निकासी की व्यवस्था कराकर तहसीलदार को भूमि की पैमाइश करने के निर्देश दिए हैं।
एसडीएम राम विलास यादव ने बताया कि नगर निगम के नालों पर कुछ लोगों ने कब्जा कर रखा है। जिस कारण नाला बंद हो गया है। नाले से पानी की निकासी नहीं हो पा रही है। जब अतिक्रमण हटवाने का प्रयास किया तो लोगों ने हंगामा कर दिया। फिलहाल पानी की निकासी करा दी गई है तथा पैमाइश कराए जाने के निर्देश दिए हैं।