सहारनपुर। 13 जनवरी से होने वाले प्रयागराज महाकुंभ के लिए महाकुंभ विशेष ट्रेनों का संचालन शुरू हो गया है। पहले दिन ही अमृतसर से फाफामऊ जाने वाली महाकुंभ विशेष ट्रेन सवा दो घंटे लेट पहुंची। ऐसे में यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
ट्रेन नंबर 04662 अमृतसर-फाफामऊ महाकुंभ विशेष ट्रेन अमृतसर से बृहस्पतिवार की रात 8:20 बजे रवाना हुई। यह ट्रेन रात में ही 2:30 बजे सहारनपुर पहुंचनी थी, लेकिन ट्रेन सुबह 4:46 बजे पहुंची। देवबंद, मुजफ्फरनगर, मेरठ, हापुड़, गढ़मुक्तेश्वर, गजरौला, अमरोहा, मुरादाबाद होते हुए फाफामऊ पहुंचेगी। खास बात यह है कि महाकुंभ विशेष ट्रेनें में सीट खाली है। विशेष ट्रेनों का संचालन फरवरी तक होगा।