देवबंद(सहारनपुर)। दारुल उलूम और दारुल उलूम वक्फ सहित अधिकांश मदरसों में चल रही वार्षिक परीक्षा संपन्न हो चुकी है। छात्र अपने अपने घरों को लौटने लगे हैं। यात्रा के दौरान उनके साथ कोई अप्रिय घटना न हो इसके लिए प्रबंधतंत्र की ओर से एलान जारी किया गया है। जिसमें उन्हें जरूरी नसीहतें की गई हैं।
परीक्षा के बाद देश के कोने कोने से इस्लामी शिक्षा ग्रहण करने यहां आए छात्र ट्रेनों और बसों से सफर कर अपने घरों को जाने लगे हैं। पूर्व में मदरसा छात्रों के साथ यात्रा के दौरान हुई मारपीट की घटनाओं को देखते हुए दारुल उलूम की ओर से एलान जारी किया गया है। जिसमें छात्रों को यात्रा के दौरान एहतियात बरतने की हिदायत दी गई है। छात्रावास प्रभारी मौलाना मुनीरुद्दीन की ओर से जारी एलान में छात्रों को सफर में किसी भी तरह की अनावश्यक बातचीत से बचने, अकेले सफर करने के बजाए साथियों के साथ सफर पर निकलने, किसी भी प्रकार की मुल्की हालात, राजनीतिक या धार्मिक बहस से परहेज करने की नसीहत दी गई है, साथ ही इसमें उन्होंने यह भी कहा है कि अगर कोई उकसाने वाले बात करता है तो उकसावे में न आएं, सब्र से काम लेते हुए रेलवे के हेल्पलाइन नंबर पर कॉल कर इसकी जानकारी दें। ताकि यात्रा सुरक्षित हो सके।