सहारनपुर। सर्दी की वजह से लोगों के फेफड़ों का संक्रमण फैल रहा है। इससे उनमें सांस लेने की समस्या बढ़ रही है। सबसे ज्यादा बच्चे और बुजुर्ग चपेट में आ रहे हैं। ऐसे मरीजों की मेडिकल कॉलेज और जिला अस्पताल में संख्या बढ़ गई है। चिकित्सक सावधानी बरतने की सलाह दे रहे हैं।
रात में सर्दी और दिन में धूप के चलते तापमान में उतार-चढ़ाव जारी है। यह मौसम बच्चों और बुजुर्गों की सेहत बिगड़ रहा है। जिन लोगों की रोग प्रतिरोधक क्षमता कम होती है, वह जल्द रोगों की चपेट में आ जाते हैं। शुरुआत फेफड़ों में जकड़न, जुकाम, खांसी से होती है। सही इलाज न मिलने पर सांस की नालियों में वैक्टीरिया का संक्रमण होता है, जिससे सूजन की स्थिति आने पर लगातार खांसी आती है और बुखार आने लगता है। सर्दी, खांसी के अलावा सांस से संबंधित अस्पतालों में दवा लेने आ रहे हैं। राजकीय मेडिकल कॉलेज के बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. सुशील शर्मा ने बताया कि लोगों को सर्दी के मौसम में खानपान के साथ ऊनी या मोटे कपड़े पहनने की जरूरत है। खांसी आने पर सीने में हो रहे दर्द को हल्के में न लें। बच्चों का विशेष ध्यान रखें। जिला अस्पताल के फिजिशियन डॉ. बताया कि ठंडा गर्म होने से कई बार दिक्कत हो जाती है। बिना डॉक्टर की सलाह के दवाएं न लें।
ऐसे करें बचाव
- गंदे हाथों से चेहरे और मुंह को न छुएं।
- निमोनिया का टीका जरूर लगवाएं।
- धुएं और भीड़ से बचने का करें प्रयास।
- कोहरा और धुंध होने पर घर से कम निकलें, पौष्टिक भोजन लें।
- बासी भोजन से परहेज करें।
- दिन में तीन-चार बार गुनगुने पानी से गरारा करें।
- बच्चों को गुनगुना दूध पीने को दें।