पार्को का निरीक्षण करते मंडलायुक्त डॉ.लोकेश एम व नगरायुक्त ग़जल भारद्वाज
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। मंडलायुक्त डॉ. लोकेश एम. ने नगरायुक्त ग़जल भारद्वाज के साथ महानगर के चार पार्कों का निरीक्षण करते हुए अधूरे कार्य 17 नवंबर तक पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने बच्चों के खेलने के लिए पार्कों में लूडो बनाने तथा सुंदरीकरण के लिए पेंटिंग आदि करवाने के निर्देश नगरायुक्त को दिए।
स्मार्ट सिटी योजना के तहत महानगर में पार्कों का जीर्णोद्धार कराया जा रहा है। तीन पार्कों का जीर्णोद्धार हो चुका है, जिनका लोकार्पण भी करीब तीन माह पहले हो चुका है। यह पार्क अंबाला रोड स्थित पटेल नगर में स्थित है। पार्क में बच्चों के झूले, फुटपाथ, सोलर लाइट, वाटर हॉर्वेस्टिंग सिस्टम व ओपन जिम आदि की व्यवस्था की गई है। शेष पार्कों के जीर्णोद्धार और सुंदरीकरण का कार्य चल रहा है।
कार्यों की प्रगति जानने के लिए स्मार्ट सिटी सहारनपुर के चेयरमैन/मंडलायुक्त ने स्मार्ट सिटी सहारनपुर की सीईओ/ नगर आयुक्त गजल भारद्वाज के साथ निरीक्षण किया। वह शुक्रवार को मदनपुरी, कृष्णानगर, महावीर कॉलोनी व म्युनिसिपल कॉलोनी के पार्कों में पहुंचे। मंडलायुक्त ने पार्कों में बच्चों के खेलने के लिए लूडो बनाने के साथ ही वॉल पेंटिंग कराने तथा अन्य अधूरे पडे़ कार्यों में गति लाने के निर्देश दिए। उन्होंने सोलर लाइटों का नेडा से सत्यापन कराने को कहा। निरीक्षण के दौरान स्मार्ट सिटी के डीजीएम दिनेश कुमार, अधिशासी अभियंता अमरेंद्र गौतम तथा कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि मौजूद रहे।