सहारनपुर। गुड फ्राइडे पर गिरजाघरों में प्रार्थना सभाएं हुईं। इसके साथ ही प्रभु यीशु मसीह के प्रेम, क्षमा और सेवा के संदेश के बारे में जानकारी दी गई।
मिशन कंपाउंड स्थित सीएनआई चर्च में विशेष प्रार्थना की गई। सर्व प्रथम वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानित किया गया। नई दिल्ली से आए पादरी राहुल और पादरी नथैनियल दास ने प्रभु यीशु मसीह की सात वाणियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि प्रभु यीशु मसीह ने समस्त मानव जाति को प्रेम, क्षमा और सेवा का संदेश दिया है। प्रार्थना सभा के बाद व्रत खोला गया।
वहीं, बाजोरिया रोड स्थित चर्च कम्पाउंड स्थित सेंट थॉमस चर्च में भी प्रार्थना सभा हुई। इसके साथ ही प्रभु यीशु मसीह को याद किया। पादरी संजय एबल सिंह ने कहा कि यीशु मसीह ने मनुष्यों के पापों को माफ करने और परमेश्वर से मनुष्यों का मेल करवाने के लिए सलीब अपने आप को कुर्बान कर दिया। उन्होंने क्रूस पर से लोगों को क्षमा कर एक ऐसी मिसाल स्थापित की, जो प्रेम और आपसी संबंधों को बढ़ावा देती है। यीशु मसीह पर विश्वास करने से पापों से क्षमा प्राप्त होती है। इस दौरान अरुण अगस्तिन, मून याहयाह, अमित कुमार, रोहित, जेनिफर, किरण, नीलम, कंवरपाल मौजूद रहे।