संवाद न्यूज एजेंसी
चिलकाना। पुलिस ने लूट की वारदात में वांछित एक शातिर लुटेरे, तीन बाल अपचारियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी भागने में सफल रहा। पुलिस ने इनके पास से दो मोबाइल फोन, 3800 रुपये, एक तमंचा, कारतूस, दो चाकू बरामद किए हैं।
पुलिस ने बताया कि दिनांक दस अक्तूबर को गांव बड़गांव निवासी प्रवीन कुमार ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उनका कहना था कि दो साथियों के साथ बाइक पर चिलकाना से अपने गांव जाते समय सुल्तानपुर-फिरोजाबाद मार्ग के बीच कुछ बदमाशों ने उन्हें रोककर तीन मोबाइल फोन, दस हजार रुपये की नकदी लूट ली थी। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की थी। रविवार को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि फिरोजाबाद रोड पर एक बाग में कुछ लोग किसी वारदात को अंजाम देने के लिए इकट्ठा हैं। थानाध्यक्ष विनोद कुमार, एसएसआई भूपेंद्र पाल सिंह, एसआई श्याम सिंह के साथ मौके पर पहुंचे। बदमाशों ने पुलिस को आता देख फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने घेराबंदी कर मुख्य आरोपी अहतेशाम निवासी गांव पटनी को गिरफ्तार कर लिया। इसके तीन किशोर साथी भी बाद में फिरोजाबाद के जंगल से पकड़े गए। पूछताछ में आरोपियों ने लूट करना स्वीकार किया है। लूट में मिली रकम को भी आपस में बांटने की बात कही। पुलिस ने बताया कि इनके भागे साथी की गिरफ्तारी का प्रयास जारी है।