सहारनपुर में विधान सभा चुनाव में जनपद के सभी संवेदनशील मतदान केंद्रों पर वेब कैमरों से नजर रखी जाएगी। इनका प्रसारण भी लाइव होगा। यह जानकारी जिला निर्वाचन अधिकारी/डीएम शफकत कमाल ने शुक्रवार को कलक्ट्रेट सभागार में हुई आरओ और एआरओ की बैठक में दी।
डीएम ने आरओ और एआरओ को अपने-अपने विधान सभा क्षेत्रों में दस प्रतिशत संवेदनशील मतदान केंद्र, जहां इंटरनेट कार्य करता हो, को चिन्हित करने के निर्देश दिए।
बताया कि ऐसे केंद्रों पर आयोग ने वेब कैमरे लगाने के निर्देश दिए हैं, जिससे पूरी प्रक्रिया कैमरों में कैद हो सके। सहारनपुर की ऑफिशियल वेबसाइट पर इनका लाइव प्रसारण भी देखा जा सकेगा।
आरओ और एआरओ को अपने-अपने क्षेत्रों के मतदान केंद्रों पर जाने वाले मार्गों का सत्यापन कराकर उन्हें 25 जनवरी तक दुरुस्त करा लेने को कहा। साथ ही आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन करने वालों के विरुद्घ एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए।
एडीएम-वित्त एवं राजस्व हरीशचंद्र को व्यय अनुरक्षण टीमों के कार्यों की प्रतिदिन समीक्षा कर उसकी सीडी तैयार करने के निर्देश दिए। प्रतिदिन उड़न दस्तों, स्टेटिक और वीडियो टीमों के कार्यों की समीक्षा करने की भी बात कही।
उन्होंने प्रभारी अधिकारी आदर्श आचार संहिता नगरायुक्त ओपी वर्मा को निर्देश दिए कि यदि किसी सरकारी कार्यालय या जमीन पर किसी राजनीतिक दल का झंडा या अन्य प्रचार सामग्री लगी है, तो उसे तुरंत उतरवाया जाए। इसके लिए विधान सभा वार प्रतिदिन समीक्षा करने के निर्देश दिए।
बिना अनुमति के प्रचार करने वालों के विरुद्घ कार्रवाई करने को कहा। उप जिला निर्वाचन अधिकारी एसके दुबे अधिकारियों को पारदर्शिता के साथ काम करने के निर्देश दिए। मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की मूलभूत सुविधाओं को दुुरुस्त करने को कहा।