- राष्ट्रपति कार्यालय से एडीजी मेरठ जोन से मांगी आख्या
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। जमीन दिखाकर 50 से अधिक लोगों से 20 करोड़ की ठगी करने वाले करीब 30 आरोपियों की सूची राष्ट्रपति भवन पहुंच गई। मामले में राष्ट्रपति कार्यालय से एडीजी मेरठ जोन से मामले में आख्या मांगी है। इस मामले में नौ आरोपियों के खिलाफ देहात कोतवाली में धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज हुई थी।
मामले में 16 आरोपी सहारनपुर के हैं। इसके अलावा कुछ देहरादून, मेरठ और हरियाणा के ठग भी शामिल हैं। देहरादून के गणपति कुंज निवासी सेवानिवृत्त कर्नल बलबीर सिंह ने बताया कि आरोपियों ने कई लोगों से सहारनपुर में जनता रोड, बेहट, मिर्जापुर, बिहारीगढ़ में जमीन दिखाकर 50 से अधिक लोगों से 20 करोड़ की ठगी की है। आरोपी उनके साथ भी ठगी कर चुके हैं। पीड़ित ने आरोपियों के नामों की सूची के साथ मामले की शिकायत राष्ट्रपति से की है। बताया कि आरोपियों के खिलाफ करीब 15 मामले भी अलग-अलग थानों में दर्ज हैं। शिकायत के बाद राष्ट्रपति कार्यालय से एडीजी मेरठ जोन से मामले में आख्या मांगी गई है।
आरोपियों में यह हैं शामिल
अमदजद अली निवासी छुटमलपुर, महेश कुमार त्यागी निवासी देहरादून, प्रवीन कुमार निवासी छछरौली यमुनानगर, अदनान, रणवीर निवासीगण सहारनपुर, मोहम्मद सुहैल, आलमगीर, विजय कुमार, डा. वीरेंद्र कुमार, धर्म सिंह, विपिन, आकाश, अमित त्यागी, मेनपाल, मदन सिंह, विक्की नीरज, बिलाल जनपद के अलग-अलग स्थानों के रहने वाले हैं। इनके अलावा आसमोहम्मद, आमीर खान, शोएब, आसमोहम्मद मेरठ, हरियाणा और देहरादून निवासी कुछ अज्ञात भी शामिल हैं।
देहात कोतवाली में कराई थी रिपोर्ट दर्ज
एसपी सिटी अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि सेवानिवृत्त कर्नल ने देहात कोतवाली में नौ से अधिक आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। सात आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया था। आरोपी जेल में बंद हैं। बाकी आरोपियों की तलाश की जा रही है।