सहारनपुर। रोशनी का पर्व दीपावली को लेकर लोगों में उत्साह है। बाजारों में खरीदारी हो रही है। इस बार पानी से जलने वाले दीये बाजार में आए हैं, जिनको खूब पसंद किया जा रहा है। इसके अलावा रंग-बिरंगी झालरों के साथ ही रंगीन कांच वाली कैंडल भी बिक रही है।
दीपावली पर घर रोशन करने के साथ ही दीये जलाने की परंपरा है। महंगाई को देखते हुए इस बार बाजार में तेल की बजाय पानी से जलने वाले दीये भी आए हुए हैं। एलईडी के ये दीये पानी डालते ही जल उठेंगे। एक दीये कीमत 25 रुपये है। वहीं, रंग-बिरंगी गुजराती झालरें भी बाजार में आई हुई हैं। 20 से 50 मीटर तक लंबी इन झालरों की कीमत 50 से 200 रुपये तक है। इसी तरह झालर और झूमर के अलावा कांच की कैंडल भी बाजार में खूब बिक रही है। कांच के कैंडल की कीमत 25 से 50 रुपये तक है।
कोर्ट रोड इलेक्ट्रिक रविंद्र नागपाल और जैन कॉलेज रोड के कारोबारी आशीष जैन ने बताया कि पानी से जलने वाले दीयों की मांग ज्यादा है। क्योंकि, बाजार पहली बार इस तरह के दीये आए हैं। इसके अलावा रंग-बिरंगी झालरें, झूमर और गुजराती झालरें भी बिक रही हैं। इनके साथ ही एलईडी झालरें, जालनुमा डिजाइनों में लट्टू, सितारे, झूमर और लैंप जैसी दिखने वालीं झालरें काफी पसंद की जा रही हैं। इनकी कीमत 100 से 200 रुपये तक है।
प्लास्टिक के फूलों वाली झालरों खरीद रहे लोग
इसी तरह आर्टिफिशियल फूलों वाली झालरों को भी खूब पसंद किया जा रहा है। इनकी बनावट ऐसी है कि यह फूल एकदम असली नजर आते हैं। इनमें गुलाब, कमल, गेंदा के फूल वाली झालरों की मांग ज्यादा है। कपड़े के सजावट वाले कंडील भी खूब बाजार में बिक रहे है।
लट्टू वाली लेजर लाइट भी आकर्षित
बाजार में लेजर वाली लट्टू वाली लाइट भी आई हुई है, जो रंग-बिरंगी है और लट्टू की तरह घूमता है। यह लाइट आंगन में लगाने पर चौतरफा रोशनी बिखरेगी। इसके साथ ही ताली बजाने के साथ जलने व बुझने वाली लाइटें भी काफी बिक रही हैं।