सहारनपुर। एसबीडी जिला अस्पताल में एक हजार से अधिक मरीज इलाज के लिए आते हैं। यहां दो दिनों से जांच मशीन खराब है। इससे मरीजों की लीवर व किडनी की जांच नहीं हो रही है। जांच न होने के कारण मरीजों को मजबूरी में निजी लैब का सहारा लेना पड़ा।
एसबीडी जिला अस्पताल 320 बेड का है। यहां इस समय एक हजार से अधिक मरीज ओपीडी में आ रहे हैं। सबसे ज्यादा फिजिशियन और त्वचा रोग विशेषज्ञ कक्ष के बाहर भीड़ रहती है। अस्पताल की पैथोलॉजी में किडनी, लीवर की जांच मशीन पिछले दो दिन से खराब पड़ी है। अस्पताल प्रबंधन ने मशीन को सही कराने के लिए कंपनी को फोन कर अवगत कराया। इन दिनों में पैथोलॉजी में किडनी व लीवर की जांच न होने से मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ा। मजबूरी में मरीजों ने बाहर निजी लैब में जेब खर्च कर किडनी व लीवर की जांच करानी पड़ी है। प्रभारी सीएमएस डॉ. शेखर यादव ने बताया कि मशीन को सही करने के लिए कंपनी से कर्मचारी आया हुआ है, जल्द मशीन को ठीक कराया जाएगा। दो दिन से मशीन खराब रही, जिससे मरीज परेशान थे।