सुबह समय पर नहीं पहुंचे एसएसपी।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
सहारनपुर में सरकारी दफ्तरों को सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे तक खोलने के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आदेश से अधिकारियों और कर्मचारियों में खलबली मची है।
अमर उजाला की टीम ने मुख्यमंत्री के आदेश के असर की हकीकत जानने के लिए बुधवार की सुबह कई कार्यालयों का भ्रमण किया। कहीं, अफसर तक देरी से पहुंचते नजर आए तो कहीं दफ्तरों पर ताले लटके मिले। ज्यादातर कर्मचारी दस बजे या उसके बाद ही पहुंचे।
बुधवार की सुबह सबसे पहले अमर उजाला की टीम एडीएम-प्रशासन के कार्यालय पहुंची। यहां एडीएम-प्रशासन एसके दुबे आठ बजकर 55 मिनट पर अपनी कुर्सी पर बैठे मिले। सदर तहसील में एसडीएम आरके गुप्ता और तहसीलदार नौ बजकर पांच मिनट पर अपने दफ्तर के बाहर नजर आए।
डीएम की कोर्ट में साढ़े आठ बजे कर्मचारी सफाई करते नजर आए। जबकि, डीएम शफकत कमाल नौ बजकर 20 मिनट पर अपने कार्यालय पहुंचे। एसएसपी लव कुमार सुबह नौ बजकर दस मिनट तक अपने कार्यालय नहीं पहुंचे थे।
सिटी मजिस्ट्रेट भी नौ बजकर पांच मिनट पर अपनी कुर्सी पर नजर आए। सहायक महानिरीक्षक निबंधक और सहायक आयुक्त स्टांप के कार्यालय पर साढ़े नौ बजे ताला लटका मिला। चकबंदी कार्यालय में भी कुछ कर्मचारी सुबह नौ बजे ही पहुंच चुके थे। मगर ज्यादातर कार्यालयों में कर्मचारी सुबह दस बजे और उसके बाद ही पहुंचे।