फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

विधान परिषद चुनाव: कड़ी सुरक्षा में आज होगा मतदान

विज्ञापन
कलक्ट्रेट से एमएलसी चुनाव के लिये पोलिंग पार्टी के साथ रवाना होते सुरक्षा कर्मी - फोटो : SAHARANPUR
विज्ञापन
सहारनपुर। मुजफ्फरनगर- सहारनपुर स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन क्षेत्र के विधान परिषद सदस्य के चुनाव में शनिवार (आज) मतदान होगा। इस दौरान सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए है। शुक्रवार को पोलिंग पार्टियां और सुरक्षा बल पार्टियों मतदेय स्थलों पर पहुंच गई हैं। मंडल के तीनों जनपदों के 22 मतदेय स्थलों पर मतदान होगा। इसमें सहारनपुर, शामली और मुजफ्फरनगर के 5115 मतदाता मतदान करेंगे। मतगणना 12 अप्रैल को होगी।
विज्ञापन

कलक्ट्रेट परिसर स्थित निर्वाचन कार्यालय से शुक्रवार को जनपद के दस मतदेय स्थलों के लिए पोलिंग पार्टियां रवाना हुई। जो दोपहर तक मतदेय स्थलों पर पहुंच गईं। कड़ी सुरक्षा के बीच शनिवार को मतदान होगा। प्रत्येक मतदेय स्थल पर वीडियोग्राफी कराई जाएगी। मतदान सुबह आठ बजे से शुरू होकर अपराह्न चार बजे तक चलेगा। इसके बाद जैन कॉलेज में मतपेटियों को कड़ी सुरक्षा के बीच रखवाया जाएगा। विधान परिषद चुनाव में मतगणना 12 अप्रैल को होगी। पोलिंग पार्टियों के रवाना होते समय जिलाधिकारी अखिलेश सिंह, मुख्य विकास अधिकारी विजय कुमार, अपर जिलाधिकारी प्रशासन डॉक्टर अर्चना द्विवेदी, सिटी मजिस्ट्रेट विवेक चतुर्वेदी आदि मौजूद रहे।
पांच प्रत्याशियों के बीच है मुकाबला
सहारनपुर। विधान परिषद सीट पर पांच प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। इनमें भाजपा की वंदना वर्मा, सपा के मो. आरिफ, निर्दलीय सुशील कुमार, प्रमोद आर्य एवं मो. जाहिद चुनाव लड़ रहे हैं। चुनाव में सांसद, विधायक, जिला पंचायत सदस्य, महापौर, पार्षद, सभासद, ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य मतदान करेंगे।
विज्ञापन

इन स्थानों पर होगा मतदान
मुजफ्फरनगर: नगर पालिका परिषद कार्यालय मुजफ्फरनगर, विकास खंड कार्यालय चरथावल, विकास खंड कार्यालय पुरकाजी, विकास खंड कार्यालय जानसठ, विकास खंड कार्यालय मोरना, नगर पालिका परिषद खतौली और विकास खंड कार्यालय बुढ़ाना मतदेय स्थल बनाए गए हैं।
शामली : विकास खंड कार्यालय शामली, नगर पालिका परिषद कार्यालय कैराना, विकास खंड कार्यालय ऊन, विकास खंड कार्यालय थानाभवन और नगर पालिका परिषद कांधला मतदेय स्थल बनाए गए हैं।
सहारनपुर : नगर निगम कार्यालय स्थित स्वास्थ्य अधिकारी का कमरा, विकास खंड कार्यालय साढ़ौली कदीम, विकास खंड कार्यालय मुजफ्फराबाद, विकास खंड कार्यालय देवबंद, विकास खंड कार्यालय रामपुर मनिहारान, विकास खंड कार्यालय नानौता, विकास खंड कार्यालय नागल, विकास खंड कार्यालय गंगोह, विकास खंड कार्यालय नकुड़ और विकास खंड कार्यालय सरसावा में मतदेय स्थल बनाए गए हैं।
762 मतदाताओं को मिलेंगे सहायक
एमएलसी चुनाव में मतदान के लिए 762 मतदाताओं को सहायक मिलेंगे। इनमें सहारनपुर के 439, शामली के 133 और मुजफ्फरनगर के 190 मतदाता शामिल हैं। सहायक निर्वाचन अधिकारी आलोक शर्मा ने बताया कि जिन निरक्षर, बीमार एवं दिव्यांग मतदाताओं ने सहायक पाने के लिए आवेदन किया था, उन्हें जांच के बाद अनुमति दी गई है।
5115 मतदाता करेंगे मतदान
जनपद मतदाता
सहारनपुर 2396
शामली 895
मुजफ्फरनगर 1824
विधान परिषद चुनाव के लिए जनपद में दस मतदेय स्थलों पर मतदान होगा। सभी बूथों पर वीडियोग्राफी करायी जाएगी और पैरा मिलट्री फोर्स तैैनात किया गया है। मतदान के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। मतदान के बाद मतपेटिकाओं को कड़ी सुरक्षा के बीच जैन कॉलेज स्थित स्ट्रॉग रूम में रखी जाएंगी।
विज्ञापन

- अखिलेश सिंह, जिलाधिकारी

कलक्ट्रेट से एमएलसी चुनाव के लिये रवाना पोलिंग पार्टी- फोटो : SAHARANPUR

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें