सहारनपुर। त्योहार बीतने और किसान आंदोलन खत्म होने के बाद भी रेल यात्रियों को राहत नहीं मिल पाई है। अभी भी यात्रियों की मुश्किलें बढ़ी हुई हैं। स्पेशल तो छोड़िए नियमित ट्रेनों की रफ्तार बिगड़ी है। सोमवार को बाड़मेर-जम्मूतवी एक्सप्रेस रद्द रही। हावड़ा-अमृतसर हिमगिरी एक्सप्रेस 14 घंटे की देरी से सहारनपुर में पहुंची।
दीपावली, भैयादूज और छठ महापर्व पर ट्रेनों में जबरदस्त भीड़ चल रही थी। यात्रियों को ट्रेन में चढ़ने के लिए खूब जद्दोजहद करनी पड़ी थी। त्योहार खत्म हुए तो चार दिन पहले पंजाब में किसान रेलवे ट्रैक पर आ गए थे। तीन दिन लगातार ट्रेनों का संचालन बुरी तरह से प्रभावित रहा। इससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। हालात सामान्य हुए, फिर भी यात्रियों को राहत नहीं मिल पाई।
सोमवार को ट्रेन नंबर 14661 बाड़मेर-जम्मूतवी एक्सप्रेस रद्द रही। हावड़ा-जम्मूतवी हिमगिरी एक्सप्रेस अपने तय समय से सहारनपुर में करीब 14 घंटे की देरी से पहुंची। इनके अलावा कोलकाता-अमृतसर एक्सप्रेस आठ घंटे, मुंबई सेंट्रल-अमृतसर गोल्डन टेंपल एक्सप्रेस साढ़े तीन घंटे लेट आई। नई दिल्ली-जालंधर सुपर एक्सप्रेस, गोरखपुर-अमृतसर एक्सप्रेस, नई दिल्ली-अंबाला इंटरसिटी भी निर्धारित समय से सहारनपुर में लेट पहुंची।