सहारनपुर। थाना मंडी क्षेत्र की एक महिला अधिवक्ता और उसकी बहन से छेड़छाड़ के मामले में मंगलवार को कई अधिवक्ता पुलिस लाइन पहुंचे। उन्होंने एसएसपी से मांग की कि इस प्रकरण के आरोपियों को पकड़कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए।
बार संघ के महासचिव राजीव गुप्ता, पूर्व अध्यक्ष आदित्य अंगीरस सहित अन्य अधिवक्ताओं ने बताया कि एक महिला अधिवक्ता की बहन की कोर्ट रोड पर दुकान है। आरोप है कि कुछ युवक दुकान के बाहर कुर्सी डालकर बैठ जाते हैं और अश्लील फब्तियां कसते हैं। बार बार बिजली का तार हटा देते हैं। आरोप है कि 22 अक्तूबर को इन आरोपियों के साथ कुछ लोग लाठी डंडे लेकर दुकान में घुस आए। उन्होंने बहन और एक महिला ग्राहक के साथ छेड़छाड़ और मारपीट की। बाद में महिला अधिवक्ता पहुंची तो उनके साथ भी ऐसी ही अभद्रता और मारपीट की गई। अधिवक्ताओं ने मामले की सही जांच कर आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की। एसएसपी ने जांच कराकर कार्रवाई का आश्वासन दिया। एसएसपी कार्यालय पहुंचने वालों में अधिवक्ता चौधरी रणवीर सिंह, चौधरी जानिसार, अशरफ खान, जमाल साबरी, आमिर खान, मुकेश लांबा, सोनू बिरला, दीप, राव कमाल, धर्मेंद्र सहित अन्य शामिल रहे।