गागलहेड़ी। बाहरी युवकों और छात्रों में जमकर लाठी-डंडे चले। इस दौरान अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। पुलिस के पहुंचने से पहले ही युवक बाइकों पर सवार होकर भाग गए। जानकारी के अनुसार मंगलवार को दोपहर बाद मुजफ्फरनगर रोड स्थित एक इंटर काॅलेज की छुट्टी होने से कुछ देर पहले कई बाइकों पर सवार युवक हाथों में डंडे और क्लच की तार लेकर काफी देर तक घूमते रहे। खास बात यह रही कि इस दौरान न तो कस्बे में तैनात रहने वाली पुलिस पिकेट पर तैनात पुलिसकर्मी नजर आए न ही एंटी रोमियो टीम कहीं दिखाई दी।
काॅलेज की छुट्टी होने पर इन युवकों ने काॅलेज के छात्रों पर क्लच की तार और डंडों से हमला कर दिया, जिससे मौके पर अफरा तफरी मच गई। युवकों और छात्रों में पहले काॅलेज गेट और फिर महाराजा अग्रसेन चौक पर आपस में मारपीट हुई। बाहरी युवक मुंह पर गमछा लपेट कर आए थे। इस मारपीट में छात्रों और कई युवकों को चोटें आईं हैं।
झगड़े की सूचना के बाद प्रभारी निरीक्षक उमेश रोरिया पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक बाहरी युवक बाइकों पर सवार होकर फरार होने में कामयाब रहे। उधर, सीओ सदर अभितेष सिंह ने बताया की मारपीट में शामिल युवकों को चिह्नित कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। चौकी पर तैनात पुलिसकर्मियों के समय पर न पहुंचने को लेकर उनका कहना था कि इसकी जांच कराई जाएगी।