सहारनपुर। कोरोना काल में नियुक्त किए गए लैब टेक्नीशियन और डाटा ऑपरेटर हटाए जाएंगे। इस संबंध में शासन से स्वास्थ्य विभाग को पत्र मिल गया है। कहा गया कि 30 जून के बाद इनका कार्यकाल नहीं बढ़ेगा। एक जुलाई से इनकी सेवाएं नहीं ली जाए। पत्र मिलने के बाद से लैब टेक्नीशियन व डाटा ऑपरेटरों में खलबली मची है।
कोरोना काल में स्वास्थ्य विभाग में संविदा पर चिकित्सक, लैब टेक्नीशियन और डाटा ऑपरेटरों की नियुक्ति की गई थी। जिससे कोरोना संक्रमितों को इलाज, जांच में कोई परेशानी न हो सके। अब कोरोना संक्रमण खत्म हो गया है। शासन की ओर से पत्र जारी हुआ कि जो चिकित्सक, लैब टेक्नीशियन और डाटा ऑपरेटर कोरोना काल में रखे गए हैं, उन्हें हटा दिया जाए। चिकित्सक तो पूर्व में ही छोड़कर चले गए थे। अब केवल शहर और हर ब्लॉक में एक-एक लैब टेक्नीशियन और डाटा ऑपरेटर हैं। शुरू से ही इनका कार्यकाल एक-एक महीने के लिए बढ़ता रहा।
उधर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजीव मांगलिक ने बताया कि इसमें कोई भी निर्णय शासन स्तर से होगा, स्थानीय स्तर पर कुछ नहीं होगा। अगर शासन का आदेश आएगा कि काम लिया जाए तो सभी को समायोजित कर लिया जाएगा। अभी फिलहाल एक जुलाई से इनकी सेवाएं नहीं जाएगी।